नशे के खिलाफ पानीपत पुलिस का जागरूकता अभियान, भादड़ गांव के सरकारी स्कूल में विद्यार्थियों को व गांव में डोर टू डोर ग्रामीणों को नशे के खिलाफ किया जागरूक
BOL PANIPAT , 08 सितंबर : पुलिस अधीक्षक मेधा भूषण आईपीएस के नेतृत्व में पानीपत पुलिस द्वारा जिले को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से नशे के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को पानीपत पुलिस की नशा मुक्त अभियान टीम ने गांव भादड़ में पहुंचकर विद्यार्थियों और ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।
टीम ने गांव के सरकारी स्कूल में विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए उन्हें नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान की जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य को बर्बाद करने के साथ-साथ उसकी शिक्षा, परिवार, सामाजिक जीवन और भविष्य को भी प्रभावित करता है। टीम ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर अपने जीवन को शिक्षा, खेलकूद और अन्य सकारात्मक गतिविधियों की ओर आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विद्यार्थियों को शपथ दिलाई गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और दूसरों को भी इसके खिलाफ जागरूक करेंगे। इसके साथ ही टीम ने गांव में डोर टू डोर जाकर ग्रामीणों को नशे के खिलाफ जागरूक किया।
अभियान के जिला नोडल अधिकारी उप पुलिस अधीक्षक प्रणय कुमार ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाना पानीपत पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए जिलेभर में लगातार स्कूलों, शिक्षण संस्थानों और गांवों व वार्डों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नशे को जड़ से समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा। युवा स्वयं नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में रुचि लेकर अपने जीवन और भविष्य को बेहतर बनाने का आह्वान किया।
उप पुलिस अधीक्षक प्रणय कुमार ने आमजन से अपील की कि यदि आपके आसपास कहीं नशा बेचा जा रहा है या कोई व्यक्ति नशे का आदी है तो इसकी सूचना तत्काल जिला पुलिस अथवा नेशनल नारकोटिक्स हेल्पलाइन मानस-1933 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गुप्त रखी जाएगी।

Comments