बैंक व इंश्योरेंस के ऑफिस में लगी आग को बुझाने में पुलिस की डायल 112 (इआरवी) गाड़ी की रही मुख्य भूमिका।
BOL PANIPAT : 22 मई 2022, बैंक व इंश्योरेंस के ऑफिस में लगी आग को बुझाने में पुलिस की डायल 112 (इआरवी) गाड़ी की रही मुख्य भूमिका। इआरवी व दमकल की गाड़ियों की मदद से समय रहते आग पर काबू पाकर बैंक में रखे करोड़ों रूपयों को जलने से बचाया।
दुर्घटना के दौरान तुरंत सहायता उपलब्ध करवाने के लिए इआरवी की प्रत्येक गाड़ी में उपकरण रखे गए है। उक्त दुर्घटना में इन्ही उपकरणों की मदद से बिल्डिंग के शटर को तोड़कर आग बुझाने के लिए रास्ता बनाया गया।
उप-पुलिस अधीक्षक श्री संदीप ने बताया रविवार की सुबह करीब 5 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को जीटी पर किशोर सिनेमा के साथ वाली बिल्डिंग में आग लगने बारे सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस की डायल 112 की इआरवी 552 व 538 नंबर गाड़ी तुरंत मौके पर पहुंची। वह स्वय व थाना शहर प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील भी तुरंत मौके पर पहुंचे। बिल्डिंग में भू-तल पर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया व प्रथम तल पर नैशनल इंश्योरेंस सर्विस कंपनी का कार्यालय था। बैंक के अंदर आग प्रवेश ना करने पाए इस पर काबू पाने के लिए जवानों ने इआरवी में उपलब्ध उपकरण गैत्ती, हथोड़ा व अन्य उपकरणों की मदद से शटर को तोड़कर दमकल कर्मियों के लिए रास्ता बनाया। संयुक्त टीम द्वारा करीब 2 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूर्व रूप से काबू पाया गया। साथ ही बैंक के सीनियर मैनेजर पवन वर्मा को सूचना दी गई। सीनियर मैनेजर पवन वर्मा ने जली एटीएम मशीन को चैक किया, एटीएम मशीन में रखे 9 लाख 30 हजार रूपए सुरक्षित मिले। बैंक के अंदर करंसी चेस्ट भी थी। अगर आग बैंक के अंदर प्रवेश कर जाती तो काफी बड़ा नुकसान हो सकता था। वही इंश्योरेंस कंपनी के ऑफिस में कुछ फाइल जलने का ही नुकसान हुआ है। इआरवी में उपलब्ध उपकरणों की सहायता से ही समय रहते इस आगजनी की दुर्घटना को बड़ी दुर्घना में तब्दील होने से बचाया गया।
उप-पुलिस अधीक्षक संदीप ने बताया पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने टीम द्वारा किये गए कार्य की सराहना की है। वही हौसला अफजाई के लिए डायल 112 इआरवी 552 व 538 गाड़ी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

Comments