प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना-जोखिम मुक्त खेती के लिए किसानों की मददगार योजना : डीसी
BOL PANIPAT , 19 मार्च। डीसी सुशील सारवान ने जिला के किसानों से अपील करते हुए कहा कि सभी किसान अपनी फसलों का प्रधानमंत्री फसल बीमा अवश्य करें क्योंकि बीमित फसलों पर 18 से 35 हजार रुपए तक का मुआवजा मिलता है।
डीसी ने कहा कि बीमा न होने पर फसलों के नुकसान पर 12 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा दिया जाता था। वर्तमान सरकार ने इस वर्ष से इस राशि को बढ़ाकर 15 हजार रुपए प्रति एकड़ किया है। बीमा होने पर किसानों को प्रति एकड़ मिलने वाला मुआवजा की राशि अधिक होती है इसलिए सभी किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा कराना चाहिए।
डीसी ने इस बात की भी जानकारी दी कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसान को फसलों के अनुसार 2 प्रतिशत और 5 प्रतिशत प्रीमियम की राशि भरनी होती है, जो 500 से 700 रुपये ही बनती है। प्रीमियम की शेष राशि केंद्र और राज्य सरकार वहन करती है।
उन्होंने बताया कि जिस प्रकार व्यक्ति स्वयं को व वाहनों का बीमा करवाकर विभिन्न जोखिमों से मुक्त रहता है उसी प्रकार फसल बीमा करवाने से कृषि में जोखिम कम होता है। आपदा के समय फसलों को होने वाले नुकसान की भरपाई प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से होती है। इस योजना के बारे में अधिक जानकारी कृषि एवं किसान कल्याण विभाग या नजदीकी बैंक की शाखा से प्राप्त की जा सकती है।

Comments