थिराना के ज्ञान मानसरोवर में राष्ट्रपति के आगमन की तैयारियां तेज, सुरक्षा से लेकर यातायात तक की व्यवस्था होगी चाक – चौबंद: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
दौरे को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक, एंबुलेंस, दमकल, पार्किंग और पेयजल व्यवस्था के निर्देश
राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, 26 अक्टूबर तक पूरी होंगी तैयारियां
सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल और अग्निशमन व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
BOL PANIPAT , 21 अक्टूबर। थिराना स्थित ज्ञान मानसरोवर के रिट्रीट सेंटर में हरियाणा दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में बुधवार को जिला सचिवालय के सभागार में उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन करें।
उपायुक्त डॉ हरीश ने कहा कि राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, स्वच्छता, पेयजल, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस कार्यक्रम के लिए अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त आवश्यकता के अनुसार विभिन्न स्थानों पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए जाएंगे, ताकि कार्यक्रम के दौरान व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियां 26 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि मतलौडा अनाज मंडी और थिराना क्षेत्र में हेलीपैड के लिए स्थानों को अंतिम रूप देने के साथ-साथ वहां साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड के आसपास बैरिकेडिंग की जाए तथा सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी कदम उठाए जाएं।
उन्होंने संबंधित विभागों को पार्किंग की उचित व्यवस्था करने, यातायात सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करने और विभिन्न स्थानों पर दिशा-सूचक साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उपायुक्त डॉ. हरीश ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान आमजन और आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा यातायात व्यवस्था ऐसी हो कि आवागमन निर्बाध बना रहे।
उपायुक्त ने पब्लिक हेल्थ विभाग को निर्देश दिए कि मतलौडा अनाज मंडी में दो और थिराना में चार मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था की जाए। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को आवारा पशुओं की आवाजाही पर नियंत्रण रखने, आसपास के क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण पाए जाने पर उसे हटाने तथा साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि कार्यक्रम क्षेत्र के आसपास स्थित फैक्ट्रियों को निर्धारित कार्यक्रम और प्रशासनिक निर्देशों के अनुसार आवश्यक प्रबंध करने के लिए सूचित किया जाए, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उपायुक्त ने समीक्षा बैठक में बिजली आपूर्ति सुचारू रखने और कार्यक्रम स्थल पर वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए भी संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को कार्यक्रम के दौरान एंबुलेंस और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। दमकल विभाग को अग्निशमन गाडिय़ां तथा आवश्यक उपकरण तैयार रखने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभाग पहले से तैयार रहें और अपनी ड्यूटी में किसी प्रकार की ढिलाई न बरतें। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की निगरानी और विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में कमेटी का गठन भी किया गया है। संबंधित अधिकारियों की कार्यक्रम के मद्देनजर ड्यूटी निर्धारित की गई है, ताकि प्रत्येक कार्य की जिम्मेदारी तय रहे और सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जा सके।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि राष्ट्रपति का प्रस्तावित दौरा जिले के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे में प्रशासन की प्राथमिकता है कि कार्यक्रम से जुड़ी प्रत्येक व्यवस्था सुरक्षित, सुव्यवस्थित और समयबद्ध हो। उन्होंने कहा कि सभी विभागाध्यक्ष अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से लें और यह सुनिश्चित करें कि सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल, बिजली, चिकित्सा सहायता तथा अग्निशमन जैसी आवश्यक सुविधाओं में कोई कमी न रहे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्यों की नियमित समीक्षा करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करें। उन्होंने कहा कि विभागों के बीच बेहतर तालमेल और प्रभावी निगरानी से ही कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाया जा सकता है। प्रशासन का प्रयास है कि राष्ट्रपति के प्रस्तावित आगमन के दौरान सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रहें और किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश न रहे। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे, एसडीएम मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, जिला परिषद की सीईओ डॉ. किरण सिंह, नगराधीश टीनू पोसवाल, जेल अधीक्षक संजीव कुमार, ईओ प्रतीक हुड्डा, डीआईपीआरओ डॉ. सुनील बसताडा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments