प्रधानमंत्री बीमा योजनाएं बनीं आमजन का मजबूत सुरक्षा कवच, हर पात्र नागरिक उठाए लाभ: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
मामूली प्रीमियम में दो लाख रुपए तक का बीमा सुरक्षा कवच, योजना से जुडऩे की अपील
हर परिवार की आर्थिक सुरक्षा का भरोसा हैं प्रधानमंत्री बीमा योजनाएं
जीवन और दुर्घटना बीमा का आसान विकल्प, अधिक से अधिक नागरिक करें पंजीकरण
BOL PANIPAT , 4 अगस्त। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई) तथा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई) आम नागरिकों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने वाली अत्यंत महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाएं हैं। बहुत ही कम वार्षिक प्रीमियम में इन योजनाओं के माध्यम से परिवारों को जीवन एवं दुर्घटना संबंधी जोखिमों से आर्थिक संरक्षण मिलता है। उपायुक्त ने बताया कि इन योजनाओं के आवेदन पत्र सभी बैंक शाखाओं तथा डाकघरों में उपलब्ध हैं। पात्र नागरिक अपने बैंक अथवा डाकघर खाते के माध्यम से नामांकन कर सकते हैं। योजनाओं का प्रीमियम सीधे खाते से स्वत: कट जाता है तथा दावा स्वीकृत होने पर बीमा राशि सीधे लाभार्थी अथवा नामित व्यक्ति के बैंक खाते में जमा की जाती है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के नागरिक 436 रुपये वार्षिक प्रीमियम जमा कर दो लाख रुपये का जीवन बीमा प्राप्त कर सकते हैं। वहीं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में 18 से 70 वर्ष तक के नागरिक मात्र 20 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर दो लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा कवर प्राप्त कर सकते हैं। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि प्रधानमंत्री बीमा योजनाएं समाज के हर वर्ग को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में एक प्रभावी पहल हैं। किसी भी अप्रत्याशित दुर्घटना या विपरीत परिस्थिति में ये योजनाएं परिवार के लिए बड़ा सहारा बनती हैं। प्रत्येक पात्र नागरिक को इन योजनाओं से जुडक़र अपने परिवार का भविष्य सुरक्षित करना चाहिए। थोड़ी-सी राशि का वार्षिक प्रीमियम कठिन समय में लाखों रुपये की आर्थिक सहायता का आधार बन सकता है।
उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि अधिक से अधिक संख्या में इन योजनाओं से जुड़ें तथा अपने परिवार की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने बैंक अधिकारियों और संबंधित विभागों से भी पात्र नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देकर अधिकाधिक लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

Comments