पीआरपीसी ने 66 वां इंडियनऑयल दिवस उत्साहपूर्वक एवं उद्देश्यपूर्ण ढंग से मनाया
BOL PANIPAT : पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (पीआरपीसी) ने 1 सितंबर, 2025 को 66वां इंडियनऑयल दिवस बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस विशेष दिवस को उद्देश्यपूर्ण बनाने हेतु प्रातःकाल से ही विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। एम. एल. डहरिया, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख (पीआरपीसी) के नेतृत्व तथा अजय कैला, कार्यकारी निदेशक (कोर ग्रुप) की गरिमामयी उपस्थिति में पीआरपीसी परिवार के सदस्यों ने वॉकथॉन एवं वृक्षारोपण कार्यक्रमों में भाग लिया।
66वां इंडियन ऑयल दिवस के उपलक्ष्य परएम. एल. डहरिया ने क्वालिटी कंट्रोल लैब में सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF) परीक्षण हेतु स्थापित उन्नत उपकरणों का उद्घाटन भी किया। भारत के स्वच्छ ऊर्जा भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए, इंडियनऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (इंडियनऑयल) देश की पहली कंपनी बन गई है जिसे सतत विमानन ईंधन (SAF) उत्पादन हेतु प्रतिष्ठित ISCC CORSIA प्रमाणन प्राप्त हुआ है। यह प्रमाणन, जो वाणिज्यिक स्तर पर SAF उत्पादन के लिए आवश्यक है, भारत की क्षमता को उत्पादन, प्रमाणन और वितरण के क्षेत्र में नई ऊँचाई प्रदान करता है। कोटेक्ना इंस्पेक्शन इंडिया प्रा. लि. ने पानीपत रिफाइनरी को प्रयुक्त खाद्य तेल (Used Cooking Oil) को “सह-प्रसंस्कृत तेल (Co-processed Oil)” में परिवर्तित करने हेतु प्रमाणित किया है, जिसे विमानन टरबाइन ईंधन (ATF) के विकल्प के रूप में उपयोग किया जा सकेगा।
मुख्य समारोह पानीपत नैफ्था क्रैकर के मेन कंट्रोल रूम में आयोजित किया गया, जहाँ एम. एल. डहरिया ने इंडियनऑयल की शपथ दिलाई। इंडियनऑयल के अध्यक्ष ए. एस. साहनी का संदेश अजय कैला, कार्यकारी निदेशक (कोर ग्रुप) द्वारा पढ़ा गया, वहीं निदेशक (रिफाइनरी) एवं निदेशक (पाइपलाइन्स) का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे अरविंद कुमार का संदेश सुधांशु शेखर, मुख्य महाप्रबंधक (पीएनसी) ने प्रस्तुत किया।
सभा को संबोधित करते हुए एम. एल. डहरिया ने भारत की अग्रणी ऊर्जा कंपनी का हिस्सा होने पर गर्व व्यक्त किया और उन अग्रदूतों को स्मरण किया जिन्होंने उत्कृष्टता की मजबूत नींव रखी। उन्होंने “सुरक्षा मेरी जिम्मेदारी है” के मूलमंत्र के साथ एक सुदृढ़ सुरक्षा संस्कृति अपनाने पर बल दिया। साथ ही, उन्होंने सभी संविदा कर्मियों तथा बैटरी क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारियों से अनुरोध किया कि वे सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करें। उन्होंने आसपास के गाँवों के सरपंचों एवं निवासियों का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने सदैव इंडियनऑयल की पानीपत रिफाइनरी को सहयोग प्रदान किया है।
उन्होंने यह भी गर्वपूर्वक उल्लेख किया कि इंडियनऑयल का उच्च प्रबंधन सदैव टीम पीआरपीसी पर विश्वास करता आया है और विशेष रूप से हरित ऊर्जा उत्पादन एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए नई प्रौद्योगिकी परियोजनाओं की जिम्मेदारी पीआरपीसी को सौंपकर उसके योगदान को और भी सशक्त किया है।
इस अवसर पर एम. एल. डहरिया ने पीआरपीसी की लाभप्रदता बढ़ाने हेतु सर्वाधिक सुझाव देने वाले नौ कर्मचारियों तथा उनके विभागाध्यक्षों को सम्मानित किया। साथ ही, डीपीएस जूनियर विंग के विस्तार का उद्घाटन किया गया और 70 रक्तदाताओं की सहभागिता के साथ रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ।
शाम को एक रंगारंग सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें डीपीएस के छात्रों, विदुषी क्लब, कर्मचारी क्लब एवं अधिकारी क्लब के सदस्यों ने नृत्य एवं गीत प्रस्तुत किए। इस अवसर पर एम. एल. डहरिया ने मेधावी छात्रों एवं दीर्घकालीन सेवा पुरस्कार प्राप्त करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित कर समारोह को अविस्मरणीय बना दिया।

Comments