पीआरपीसी की मेधावी छात्रवृत्ति पहल: 280 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मिला सम्मान
BOL PANIPAT : पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (पीआरपीसी) के कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख, एम. एल. डहरिया ने दिनांक 28 मार्च 2026 को पानीपत रिफाइनरी टाउनशिप में आयोजित एक भव्य समारोह में “पीआरपीसी मेधावी छात्रवृत्ति योजना” के अंतर्गत आसपास के 14 गाँव के 280 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। यह सम्मान आसपास के गांवों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने, उन्हें प्रोत्साहित करने एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से प्रदान किया गया।
इस अवसर पर एम. एल. डहरिया ने पीआरपीसी के मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) ओम प्रकाश, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) संजय कुमार तथा ग्राम सरपंचों की गरिमामयी उपस्थिति में सभी चयनित छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार प्रदान किए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी सरपंचों का पारंपरिक तरीके से स्वागत भी किया गया। वहीं, विवेक शर्मा, वरिष्ठ प्रबंधक ने “पीआरपीसी मेधावी छात्रवृत्ति योजना” की रूपरेखा एवं उद्देश्यों पर संक्षिप्त प्रकाश डाला।
अपने संबोधन में एम. एल. डहरिया ने सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को हार्दिक बधाई देते हुए उन्हें बड़े सपने देखने, उच्च शिक्षा प्राप्त करने और आत्मनिर्भर बनकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इंडियनऑयल न केवल देश को स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल जैसे क्षेत्रों में भी विभिन्न जनकल्याणकारी पहल के माध्यम से समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने जिले, प्रदेश एवं देश के विकास में ग्राम सरपंचों द्वारा दिए जा रहे सतत एवं समर्पित सहयोग की सराहना की और आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी उनका सहयोग इसी प्रकार मिलता रहेगा। कार्यक्रम में उपस्थित गाँव के सरपंचगण एवं अध्यापको द्वारा रिफ़ाइनरी प्रबन्धन का इस पहल के लिए आभार प्रकट किया गया।

Comments