आपातकाल के 50 वर्ष पूर्ण होने पर लगी जन जागरूकता प्रदर्शनी
-पानीपत के एसडीएम मनदीप कुमार ने हरियाणा चैंबर आफ कामर्स के अध्यक्ष विनोद धमीजा की उपस्थिति में किया प्रदर्शनी का शुभारंभ
BOL PANIPAT , 15 जुलाई। आपातकाल लगाए जाने के 50 वर्ष पूर्ण होने पर सूचना, जनसम्पर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग हरियाणा की ओर से पानीपत जिला सचिवालय परिसर में जन जागरूकता प्रदर्शनी लगाई गई। इस जन जागरूकता प्रदर्शनी का शुभारंभ एसडीएम पानीपत मनदीप कुमार ने हरियाणा चैबर आफ कामर्स के अध्यक्ष विनोद धमीजा की उपस्थिति में किया। दिन भर सचिवालय में पहुंचे लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और आपातकाल के दौरान दी गई यातनाओं की जानकारी ली व लोकतंत्र के बचाव के लिए लोकतंत्र प्रहरियों की भूमिका का प्रदर्शनी में किया गया उल्लेख भी देखा।
राष्ट्रहित में आपातकाल में दिया योगदान लोकतंत्र सेनानियों का सराहनीय: एसडीएम
एसडीएम मनदीप कुमार ने प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद बताया कि आपातकाल (25 जून 1975) भारतीय लोकतंत्र के काले अध्याय के 50 वर्ष पूरे होने पर प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी के माध्यम से भारत में प्राचीन काल से चली आ रही लोकतंत्र की जड़ें, लोकतांत्रिक परंपराओं के मूल में बसे जन-केंद्रित दृष्टिकोण और जन-भागीदारी, ग्रामीण और शहरी इलाकों में जमीनी स्तर पर लोकतंत्र, परामर्शी प्रथाओं और सामुदायिक भागीदारी से प्रभावित शासन, स्वतंत्र भारत और संसदीय प्रणाली, आपातकाल से ठीक पहले का समय के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई है ताकि आज का युवा उस समय की परिस्थितियों के बारे में जागरूक हो सके। इसके अतिरिक्त इस प्रदर्शनी में महिला सशक्तिकरण और सुशासन को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गई हैं।
समालखा में 16 जुलाई को सचिवालय मे लगेगी प्रदर्शनी: डा. सुनील बसताडा
जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी डा. सुनील बसताडा ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा आपातकाल के 50 वर्ष पूर्ण होने पर लोकतंत्र के अंधकार युग के रूप में याद करते हुए आपातकाल के पीडि़तों को श्रद्धांजलि व सम्मान देने हेतु सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग हरियाणा द्वारा शहरी क्षेत्र में जिला सचिवालय परिसर, ग्रामीण क्षेत्र में 16 जुलाई को समालखा उपमंडल के सचिवालय में प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।

Comments