22 जनवरी को अयोध्या में रामलला की प्रतिष्ठा होगी. उस दिन सभी अपने घरों पर दीपक जलाएं : अर्चना गुप्ता
BOL PANIPAT , 2 जनवरी। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के हर परिवार को परिवार पहचान पत्र दिया है ताकि सभी को उनकी योग्यता अनुसार योजनाओं का लाभ दिया जा सके। मुख्यमंत्री ने पूरे प्रदेश में अंत्योदय की भावना से योजनाओं का लाभ दिया है।
यह बात भाजपा जिला अध्यक्षा अर्चना गुप्ता ने गांव पावटी में मंगलवार को पहुंची विकसित भारत संकल्प यात्रा में उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पानीपत की धरती से बेटी बचाओ-बेटी पढाओ का नारा दिया था, उसको फलीभूत करते हुए मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने प्रदेश के लिंगानुपात में सुधार करने का अभूतपूर्व कदम उठाया और उसमें सफल भी हुए। यही नहीं आज बेटियां पढ़ाई के क्षेत्र में आगे आकर अन्य दूसरे क्षेत्रों में अपना नाम कमा रही हैं।

हरियाणा में खेलों में भी लड़कियों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। वे मेडल लाने में भी दूसरे राज्यों से आगे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहरलाल जब विगत में समालखा रैली में आए थे तो उन्होंने बेटियों की पढ़ाई के लिए अभूतपूर्व फैसला लेते हुए घोषणा की थी कि जो भी लडक़ी अपनी पढ़ाई 12वीं के बाद जारी रखना चाहती है और उसके परिवार की आय 1 लाख 80 हजार से नीचे है तो वह नि:शुल्क रूप से समालखा के पाईट कॉलेज में पढ़ सकती है। जिसकी फीस प्रदेश सरकार द्वारा वहन की जाएगी।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि यही नहीं एक लाख 80 हजार से तीन लाख तक की आय के परिवारों की लड़कियां भी अगर अपनी पढ़ाई 12वी के बाद उक्त कॉलेज में करना चाहती है तो उनकी आधी फीस सरकार वहन करेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि आगामी 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला की प्रतिष्ठा होगी। उस दिन सभी अपने घरों पर दीपक जलाएं। इस मौके पर भाजपा जिला महामंत्री कृष्ण छौक्कर, नायब तहसीलदार राहुल राठी, भाजपा पंचायती राज के सहसंयोजक सुभाष कुहाड़ इत्यादि उपस्थित रहे।

Comments