Thursday, April 16, 2026
Newspaper and Magzine


सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर होंगे प्रदेश भर में शानदार कार्यक्रम: कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at October 17, 2025 Tags: , , , , , ,

-6 दिसंबर तक चलेगा राष्ट्रव्यापी अभियान. अभियान का मुख्य लक्ष्य मूल्यों को स्थापित करना. एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचने को लेकर जमीनी सत्र का व्यापक आंदोलन

BOL PANIPAT , 17 अक्टूबर। हरियाणा के पंचायत एवं खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने शुक्रवार को जिला सचिवालय सभागार में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में “Sardar@150 Unity March” नामक राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान 6 अक्टूबर से 6 दिसंबर तक चलेगा और इसका उद्देश्य देशभर में एकता, अखंडता और आत्मनिर्भरता के मूल्यों को युवाओं के बीच स्थापित करना है।

    मंत्री पंवार ने कहा कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक राष्ट्र जागरण अभियान है। सरदार पटेल को श्रद्धांजलि देने और उनकी एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह डिजिटल से लेकर ज़मीनी स्तर तक एक व्यापक आंदोलन बनेगा। युवा जुड़ेंगे, भारत गूंजेगा।

    कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस अभियान के पहले चरण में डिजिटल गतिविधियों जैसे रील प्रतियोगिता, निबंध लेखन, और यंग लीडर्स प्रोग्राम   के माध्यम से युवा जुड़ रहे हैं। सभी प्रतियोगिताएं और पंजीकरण माई भारत (MY Bharat) पोर्टल के माध्यम से किए जा रहे हैं, जिससे देशभर के युवाओं को एक मंच पर लाया जा रहा है।

    कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस अभियान का दूसरा चरण 31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक चलेगा, जिसमें जिले-जिले में 8 से 10 किलोमीटर लंबी पदयात्राएं निकाली जाएंगी। इन पदयात्राओं के दौरान योग शिविर, स्वास्थ्य जांच, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं और नशा मुक्त भारत जैसे सामाजिक संकल्प लिए जाएंगे। यह आयोजन सिर्फ कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक भारत, श्रेष्ठ भारत की अवधारणा को जीवंत करेंगे।

  कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अभियान का चरमोत्कर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस पर होगा, जब हर जिले से चयनित 25 प्रतिनिधि सरदार पटेल की जन्मभूमि करमसद से  ‘Statue of Unity’, केवडिय़ा तक 152 किलोमीटर लंबी पदयात्रा में भाग लेंगे। यह यात्रा वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत की भावना को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।

    कैबिनेट मंत्री ने कहा कि  पदयात्रा के दौरान नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, रंगोली, दीप सज्जा, और जनजागरूकता अभियान के माध्यम से क्षेत्रीय विरासत और राष्ट्रभक्ति का अद्वितीय संगम देखने को मिलेगा। स्कूल, कॉलेज, एनसीसी, एनएसएस और स्वयंसेवी संगठन इस अभियान का अहम हिस्सा होंगे।

    मंत्री पंवार ने बताया कि समाज के हर वर्ग, छात्र, रिटायर्ड सैन्य अधिकारी, प्रशासनिक सेवाओं से जुड़े लोग, खिलाड़ी, महिला मंडल और स्थानीय प्रतिष्ठित नागरिक इस अभियान से जुड़ेंगे। ऐसे युवाओं को शामिल किया जाएगा जो युवा आइकन के रूप में प्रेरणा दे रहे हैं।

कैबिनेट मंत्री ने मीडिया कर्मियों से अपील की कि इस राष्ट्रीय एकता के अभियान को जन-जन तक पहुँचाने में सहयोग दें और इसकी विविधताओं और मूल उद्देश्यों को उजागर करें। यह अवसर केवल सरदार पटेल को याद करने का नहीं, बल्कि उनके अखंड भारत के सपने को विकसित भारत के रूप में साकार करने का है। इस मौके पर शहरी विधायक प्रमोद विज,भाजपा जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा,चांद भाटिया के अलावा विभिन्न समाचार पत्रों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Comments