Tuesday, June 2, 2026
Newspaper and Magzine


सफ़ाई अभियान चला कर किया ऋषि दयानंद को याद

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at February 4, 2024 Tags: , , ,

BOL PANIPAT । आर्य प्रतिनिधि सभा हरयाणा के तत्वाधान में आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पानीपत में महर्षि स्वामी दयानन्द की 200वीं जयन्ती के उपलक्ष में सफाई अभियान चलाया गया । इस अवसर पर आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की प्रबन्धक समिति के प्रधान विरेन्द्र आर्य, प्रबन्धक रामपाल जागलान, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र जागलान, मेहर सिंह आर्य तथा प्राचार्य मनीष घनगस मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य मनीष घनगस ने बताया कि आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पानीपत का एक ऐसा विद्यालय है जहाॅं पर बच्चों को शिक्षा के साथ साथ संस्कार देने का कार्य भी किया जाता है। पानीपत के आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में एन सी सी, एन एस एस व स्काउट के विद्यार्थियों ने सफाई अभियान में हिस्सा लिया। आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की प्रबन्धक समिति के प्रधान विरेन्द्र आर्य ने कहा कि एनसीसी का उद्देश्य युवा नागरिकों के बीच अनुशासन, चरित्र, भाईचारे, साहसिक कार्य की भावना और निस्वार्थ सेवा की संकल्पना विकसित करना है। इतना ही नहीं, इसका उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व के गुणों को जगाना भी है, जो भी करियर चुनते हैं, वे राष्ट्र की सेवा करेंगे। प्रबन्धक रामपाल जागलान ने कहा कि स्वैच्छिक समुदाय सेवा के माध्यम से छात्रों के व्यक्तित्व और चरित्र के विकास के प्राथमिक उद्देश्य के साथ राष्ट्रीय सेवा योजना (एन एस एस) को शुरू किया गया था। एनएसएस का उद्देश्य ‘सेवा के माध्यम से शिक्षा’ है। एन एस एस की वैचारिक उन्मुखता महात्मा गांधी के आदर्शों से प्रेरित है। एन एस एस का आदर्श वाक्य “नॉट मी, बट यू” है। एक एन एस एस स्वयंसेवी ‘स्वयं’ से पहले ‘समुदाय’ को स्थान देता है। यह शिक्षा के तीसरे आयाम का हिस्सा है । इसी कड़ी को आगे बढ़ते हुए कोषाध्यक्ष राजेंद्र जागलान ने कहा कि स्काउट और गाइड स्कूली शिक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जिससे छात्रों में समग्र विकास होता है। मूल्यों और सिद्धांतों में गहराई से निहित ये संगठन चरित्र निर्माण और नेतृत्व कौशल में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। स्काउटिंग और मार्गदर्शन का एक प्रमुख पहलू जिम्मेदारी और अनुशासन की भावना पैदा करना है।
इस अवसर पर एन एस एस के कार्यक्रम अधिकारी दिनेश कुमार स्काउट के इंचार्ज रघुवीर दत्त व एन सी सी के सी टी ओ विनोद मैहला मौजूद रहे।

Comments