Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


एसडी पीजी कॉलेज पानीपत में छात्राओं के लिए ‘ब्यूटी एंड वेलनेस कोर्स’ पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन   

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at May 1, 2025 Tags: , , , ,

ओरेन पानीपत से मेकअप और हेयर एक्सपर्ट मनप्रीत ने किया छात्राओं को प्रशिक्षित 

-आत्मनिर्भर अभियान के तहत छात्राओं को अपने पैरों पर खड़ा करना इस कोर्स का लक्ष्य: मनप्रीत कौर प्रख्यात मेकअप और हेयर एक्सपर्ट   

BOL PANIPAT , 01 मई : एसडी पीजी कॉलेज पानीपत में छात्राओं के लिए ‘ब्यूटी एंड वेलनेस कोर्स’ पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया जिसमें ओरेल कंपनी पानीपत से पधारी प्रख्यात मेकअप और हेयर एक्सपर्ट मनप्रीत कौर और रूहानी चावला ने ट्रेनर ज्योति के साथ लगभग 70 छात्राओं को प्रशिक्षित किया ताकि वे अपने पैरों पर खड़े होकर आत्मनिर्भर बन सके । इस कोर्स की समन्वयक डॉ मोनिका खुराना है । माननीय मेहमानों का स्वागत प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने किया । विदित रहे कि इस कोर्स को सुचारू रूप से चलाने के लिए एवं आत्मनिर्भर मिशन के अंतर्गत ‘अर्न वाइल यू लर्न’ के तहत छात्राओं के लिए ‘द आर्ट ऑफ़ ग्रूमिंग: द ग्रूम रूम’ भी कॉलेज में स्थापित किया गया है । इस कोर्स में फिलहाल बीए प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष की 70 छात्राओं का चयन किया गया है जिन्हें हेयर (बाल साज-सज्जा), स्किन और मेकअप का प्रशिक्षण ओरेंन अकेडमी की प्रशिक्षिका के माध्यम से दिया गया । इस कोर्स की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इस कोर्स के लिए किसी भी छात्रा से कोई भी फीस या शुल्क नहीं लिया जा रहा है तथा ब्यूटी सेंटर में प्रयोग होने वाली सभी वस्तुओं और साजो-सामान की लागत भी कॉलेज ही वहन कर रहा है । इस कोर्स को शुरू करने का उद्देश्य छात्राओं, विशेष रूप से उन छात्राओं को जिनके परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है, को आत्मनिर्भर बना कर उन्हें खुद के व्यवसाय या ब्यूटी सेंटर खोलने को प्रेरित करना है । वर्तमान में ब्यूटिशियन और ब्यूटी सेंटर कोर्स के बाद अपार संभावनाएं है । पढ़ाई के साथ यदि छात्राओं के स्किल का भी विकास हो जाए तो भविष्य में ये छात्राएं न सिर्फ खुद रोजगार पाएंगी बल्कि दूसरों को भी रोजगार देने योग्य बन जायेंगी । कॉलेज के प्राध्यापकों एवं अन्य सफल एक्सपर्ट्स के मार्गदर्शन में इन छात्राओं को स्टार्ट अप इंडिया और कौशल विकास जैसी स्कीमों के माध्यम से न सिर्फ अपने हुनर को निखारने का मौका मिल रहा है बल्कि इन्हें लेक्मे जैसी कंपनियों आदि के एक्सपर्ट्स से मिलने और सिखने का अवसर भी मिल रहा है ।

प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने कहा कि ‘ब्यूटी एंड वेलनेस कोर्स’ की विधिवत शुरुआत कॉलेज इतिहास में छात्राओं के लिए एक मील का पत्थर साबित हुई है । आत्मनिर्भर स्कीम के अंतर्गत शुरू इस ‘अर्न वाइल यू लर्न’ कोर्स के लिए ‘द आर्ट ऑफ़ ग्रूमिंग: द ग्रूम रूम’ की भी कॉलेज में व्यवस्था की गई है । इस कोर्स को शुरू करने का उद्देश्य छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाना है और उन्हें खुद कमाई करने के लिए प्रौत्साहित करना है । छात्राओं को भी चाहिए की वे अपनी छुपी हुई प्रतिभा और हुनर के अनुरूप स्टार्ट अप इंडिया जैसी स्कीमों के माध्यम से इसे एक व्यवसाय के रूप में पढ़े और सीखे । छात्राओं को दूसरों पर निर्भर न रहकर आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनना चाहिए । 

डॉ मोनिका खुराना ने कहा कि ब्यूटी सेंटर का कोर्स करने के बाद छात्राएं अपना फ्री लांस ब्यूटी सेंटर खोल सकती है । इसके अलावा ब्यूटी सेंटर के काम को सीखने के बाद घर पर भी ब्यूटीशियन का काम किया जा सकता है । ब्यूटीशियन का कोर्स पूरा होने के बाद छात्राएं मनोरंजन, फिल्म या मॉडलिंग के क्षेत्र में भी आगे बढ़ सकती हैं और आगे चलकर एक अच्छा मेकअप आर्टिस्ट भी बन सकती है । छात्राओं के लिए ब्यूटी का सेक्टर बहुत ज्यादा अवसर प्रदान करता है । आज के समय में युवाओं के लिए फैशन से बढकर कोई चीज नहीं है और इसीलिए इस सेक्टर में बहुत मांग है । जीवन में कभी न कभी हर व्यक्ति अपने आप को सुंदर दिखाने के लिए मेकअप का सहारा जरुर लेता हैं । ब्यूटीशियन फेस मसाज, हेयर कट, वेक्सिंग जैसे काम करते हैं । आइब्रो बनवाना और शादी में दुल्हन-दूल्हे को सजाना भी ब्यूटीशियन का ही काम होता है । एक ब्यूटीशियन लोगों को उनके चेहरे के मुताबिक मेकअप करके खूबसूरत लुक देता है । इस कोर्स की वर्तमान में भारी मांग है ।

इस अवसर पर स्टाफ सदस्यों में डॉ मोनिका खुराना, डॉ एसके वर्मा, दीपक मित्तल आदि उपस्थित रहे ।

Comments