Saturday, April 25, 2026
Newspaper and Magzine


जनता की सेवा में उनकी समस्याओं का समाधान ही हमारी प्राथमिकता : शिक्षामंत्री महीपाल ढांडा

By LALIT SHARMA , in Politics , at June 12, 2025 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT , 12 जून। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने आज पानीपत के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित जनता दरबार में लोगों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही उनके निवारण के निर्देश दिए। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए नागरिकों ने शिक्षा मंत्री के समक्ष अपनी समस्याएं, शिकायतें व सुझाव रखे, जिन पर महीपाल ढांडा ने गंभीरता से विचार कर सम्बंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान करना है। मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार जनहित को सर्वोच्च महत्व दे रही है। इसी क्रम में सभी मंत्री, अधिकारी और जनप्रतिनिधि जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता दरबार जैसी पहल से आम नागरिक की आवाज सीधे सरकार और वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुँचती है, जिससे समस्याओं का शीघ्र समाधान संभव होता है।

जनता दरबार में पानी, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक न्याय, भूमि विवाद, पेंशन और पुलिस से जुड़ी अनेक समस्याएं रखी गईं। कई मामलों में शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों से तत्काल फोन पर बातचीत कर मौके पर ही समाधान करवाया। वहीं, कुछ गंभीर मामलों में 48 घंटे के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने और शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

महीपाल ढांडा ने कहा कि प्रदेश सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे जन समस्याओं को प्राथमिकता दें और तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें। शिक्षा मंत्री ने कहा कि जनता की संतुष्टि ही सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है और सभी विभाग इसी भावना के साथ कार्य करें।

जनता दरबार में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, ग्रामीण क्षेत्रों से आए नागरिक और नगर निगम क्षेत्र के पार्षद भी शामिल हुए। सभी ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं रखते हुए समाधान की मांग की। शिक्षा मंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि सभी वाजिब समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और प्रशासन मिलकर ही जनहित के कार्य कर सकते हैं और इसके लिए आपसी समन्वय व संवाद अत्यंत आवश्यक है।

शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे हर शिकायत का रिकॉर्ड रखें ताकि भविष्य में फॉलोअप में कोई समस्या न आए और आमजन को बार-बार चक्कर न काटने पड़ें।

जनता दरबार में उपस्थित नागरिकों ने महीपाल ढांडा के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए बेहद प्रभावी साबित हो रहे हैं और जनता को अपनी बात सीधे उच्च अधिकारियों तक पहुँचाने का अवसर मिलता है।

Comments