अवैध निर्माणों पर सख्ती होगी तेज: उपायुक्त डॉक्टर विरेंदर कुमार दहिया
-टास्क फोर्स बैठक में कई मुद्दों पर हुई चर्चा
BOL PANIPAT , 7 नवंबर। जिला उपायुक्त डॉ. विरेंद्र कुमार दहिया की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला टास्क फोर्स की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न शहरी एवं नियंत्रित क्षेत्रों में हो रहे अवैध निर्माणों और अनधिकृत कॉलोनियों पर प्रभावी कार्रवाई को लेकर विस्तृत पूर्वक चर्चा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध निर्माणों और अनियमित कॉलोनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा कानूनी प्रावधानों के तहत आवश्यक कदम तुरंत उठाए जाएं।
उन्होंने कहा कि पंजाब शेड्यूल्ड रोड्स एंड कंट्रोल ऑफ अनरेगुलेटेड डेवलपमेंट एक्ट, 1963 तथा हरियाणा डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन ऑफ अर्बन एरियाज एक्ट, 1975 के तहत जारी आदेशों का सख्ती से पालन किया जाए।
उपायुक्त डॉ दहिया ने कहा कि सीलिंग व डिमॉलिशन ड्राइव्स के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
जिला टाउन प्लानर (एनफोर्समेंट) ने बैठक में विभिन्न क्षेत्रों में हुई कार्यवाहियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की और आगामी कार्यक्रम की रूपरेखा बताई।
गौरतलब है कि बैठक का उद्देश्य शहरी विकास को नियमानुसार दिशा देना तथा अवैध निर्माणों पर अंकुश लगाना था, ताकि जिले का विकास सुनियोजित एवं व्यवस्थित रूप से हो सके। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त डॉक्टर पंकज, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, पुलिस उप अधीक्षक सुरेश सैनी, डीटीपी समित, पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता सावित पन्नू, डीडीपीओ राजेश शर्मा आदि मौजूद रहे।

Comments