Saturday, July 11, 2026
Newspaper and Magzine


अधिकारी 14 जुलाई से पहले विशेष गहन पुनरीक्षण का लक्ष्य पूरा करें, कानून के दायरे में हो हर कार्रवाई: प्रिंसिपल सेक्रेटरी जोशी

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at July 10, 2026 Tags: , , , , ,

मृत मतदाताओं के नाम नहीं रहें सूची में, पारदर्शिता और शुद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता: उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

शनिवार-रविवार फील्ड में उतरें

मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए प्रशासन ने कसी कमर

 विभागों का संयुक्त अभियान पर जोर

BOL PANIPAT , 10 जुलाई। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को जिला सचिवालय के सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन आयोग के प्रधान सचिव एस.बी. जोशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एन्यूमरेशन फॉर्म के डिजिटाइजेशन का कार्य हर हाल में 14 जुलाई से पहले पूरा किया जाए, ताकि अभियान समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके।

उन्होंने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों को किसी प्रकार की घबराहट की आवश्यकता नहीं है, बल्कि पूरी प्रक्रिया को कानून के दायरे में रहकर पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न करना है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मतदाता सूची में किसी भी मृत व्यक्ति का नाम नहीं रहना चाहिए। प्रत्येक प्रविष्टि का गहन सत्यापन कर ही मतदाता सूची को अंतिम रूप दिया जाए, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की विश्वसनीयता और शुचिता बनी रहे। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की मंशा सटीक, त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची तैयार करना है। इसके लिए सभी अधिकारी पूरी गंभीरता से कार्य करें तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करें।

    बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। डॉ. वशिष्ठ ने कहा कि अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाया जाएगा। इसके लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्करों तथा अन्य फील्ड स्टाफ का व्यापक सहयोग लिया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रहे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आपसी समन्वय के साथ घर-घर संपर्क कर निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करें।

बैठक में अधिकारियों को अवगत कराया गया कि 10 जुलाई को प्रात: 10 बजे तक जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में 95.32 प्रतिशत एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं, जबकि 67.09 प्रतिशत फॉर्म का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है। अधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि आयोग के निर्देशानुसार शेष कार्य भी निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कर लिया जाएगा। इस अवसर पर एडीसी अंकित चौकसे, एसडीएम मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, डीईओ राकेश बूरा, सीएमओ डॉ. विजय मलिक, डीडीपीओ राजेश शर्मा, तहसीलदार मनोज, वीरेंद्र, जसवीर, बीडीपीओ शक्ति सिंह, शीतल गुलिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments


Leave a Reply