धर्मगढ़ गांव में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से कराया जागरूक, डोर-टू-डोर ग्रामीणों को समझाया नशे के खिलाफ सामूहिक जिम्मेदारी का महत्व
BOL PANIPAT , 03 अक्तूबर । नशे के खिलाफ पानीपत पुलिस का जागरूकता अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस की नशा मुक्त अभियान टीम ने शनिवार को गांव धर्मगढ़ स्थित सरकारी स्कूल में विद्यार्थियों से संवाद किया। टीम ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देने के साथ उन्हें नशे से दूर रहकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद पुलिस टीम ने गांव में डोर-टू-डोर पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और नशे की रोकथाम में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत और भविष्य हैं। विद्यार्थियों को बताया कि नशे की लत कैसे युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और भविष्य को प्रभावित करती है। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के साथ अपने साथियों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों को बताया कि वे अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग पढ़ाई, खेलकूद और अन्य सकारात्मक गतिविधियों में करें तथा किसी भी प्रकार के नशे से दूरी बनाए रखें।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों से डोर-टू-डोर संपर्क कर नशे से जुड़े नुकसान और इसके सामाजिक प्रभावों के बारे में जानकारी दी। टीम ने ग्रामीणों से कहा कि परिवार में बच्चों और युवाओं की गतिविधियों पर ध्यान रखना तथा उनसे लगातार संवाद बनाए रखना नशे की रोकथाम में अहम भूमिका निभा सकता है। अभिभावक अपने बच्चों की संगति और व्यवहार में होने वाले बदलावों पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध स्थिति में समय रहते उचित कदम उठाएं।
आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी या सेवन से संबंधित कोई जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। नशे से संबंधित सूचना MANAS हेल्पलाइन नंबर 1933 पर भी दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
नशा मुक्त अभियान के जिला नोडल अधिकारी डीएसपी प्रणय कुमार ने आमजन से अपील की कि नशे के खिलाफ लड़ाई को केवल पुलिस तक सीमित न रखें, बल्कि परिवार और समाज भी इसमें सक्रिय भागीदारी निभाएं। अभिभावक बच्चों और युवाओं से संवाद बनाए रखें तथा उन्हें नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि पुलिस की जागरूकता टीम लगातार स्कूलों, गांवों और अन्य स्थानों पर पहुंचकर लोगों को जागरूक कर रही है। सभी मिलकर नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान दें। नशे से दूर रहें, स्वस्थ जीवन की राह चुनें।

Comments