Sunday, August 9, 2026
Newspaper and Magzine


पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने कावड़ यात्रा मार्गों पर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at August 9, 2026 Tags: , , , , ,

पानीपत की और से सनौली रोड़ व 709 एडी हाइवे से होते यूपी जाने वाले व असंध जीन्द की और से पानीपत आने वाले भारी वाहनों का रूट डायवर्ट, सुरक्षा के मद्देनजर 34 जगह नाके

BOL PANIPAT , 09 अगस्त : जिले में सावन कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस व अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने रविवार को कांवड़ यात्रा मार्गों का निरीक्षण किया। सनौली रोड, गोहाना रोड, असंध रोड पर कांवड़ियों के आवागमन के संबंध में जरूरी निर्देश दिए। यात्रा मार्गों पर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा कर बैरिकेडिंग, सफाई आदि समेत अन्य व्यवस्थाओं को जाना। नोडल अधिकारी एएसपी हर्षित गोयल आईपीएस, ट्रैफिक डीएसपी सुरेश कुमार सैनी, समालखा डीएसपी नरेंद्र व संबंधित थाना प्रभारियों को मौके पर ही निर्देशित किया कि कांवड़ मार्ग को सुरक्षित करने के लिए हर संभव कदम उठाए ताकि कावड़ियों को किसी प्रकार की समस्या न हो। पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने कहा कि कावड़ यात्रा के दौरान कावड़ियों की सुरक्षा व सुगम एवं बेहतर मार्ग उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

कांवड़ियों की सुरक्षा व सुगम मार्ग उपलब्ध कराने के लिए पुलिस ने किए पुख्ता प्रबंध

हरियाणा व राजस्थान के विभिन्न जिलों के करोड़ों श्रद्धालू नीलकंठ/ हरिद्वार से कावड़ लेकर यूपी के विभिन्न जिलों से होते हुए शामली से सनौली यमुना बार्डर के रास्ते हरियाणा के पानीपत की सीमा में प्रवेश कर विभिन्न मार्गों से होते हुए अपने गंतव्य की और प्रस्थान कर रहें हैं।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में जिला पानीपत पुलिस द्वारा जिला में कांवड़ियों को सुरक्षा व सुगम मार्ग उपलब्ध करवाने के लिए एएसपी हर्षित गोयल को नोडल अधिकारी बनाने के साथ ही डीएसपी समालखा नरेंद्र कादियान व डीएसपी ट्रैफिक सुरेश कुमार सैनी को भी विशेष जिम्मेदारी सौंप पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। रास्तों और शिविरों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। साथ ही सभी थाना प्रबंधक व चैकी इंचार्जों को विशेष दिशा निर्देश दिए गए हैं।

सुरक्षा के मद्देनजर 34 जगह नाके लगाए

जिले में कांवड़ियों की सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सनौली रोड सहित शहर में विभिन्न चौक चोराहों व विभिन्न मार्गों पर 34 जगह नाके लगाए हैं। इनमें 15 नाके सनौली बार्डर, बलजीत नगर नाका, संजय चौक, सिवाह चौक, सिवाह चौक, न्यू सनौली बाइपास, सिवाह बस स्टैंड, खोजकीपुर बार्डर नाका, बबैल के नजदीक ड्रेन पुल पर, असंध रोड नाका, एनएफएल नाका, डाहर गोल चक्कर, नहर बाइपास टी प्वाइंट, जलालपुर मोड़, समालखा पुल के नीचे, मतलौडा चैक पर दिन रात 24 घंटे लगे रहते हैं। 19 नाके सनौली एक्सप्रेस कुराड़ चौक, छाजपुर चौक से चैटाला रोड, उग्राखेड़ी चौक, शिव चौक, कमल फर्नीचर चौक, छाजपुर से चैटाला रोड पर डाडोला चौक, सिवाह फ्लाई ओवर के नीचे, भापरा मोड़, हल्दाना नाका, चुलकाना किवाना मोड़, रामलाला चौक, बुड़शाम चौक, शाहपुर नाका, खंडरा अडडा नजदीक शिव मंदिर, सौंधापुर नोहरा मोड़, डाहर षुगर मील, भालसी मोड़, मतलौडा गौशाल के पास व उंटला से आंसन मोड़ पर सुबह 7 से रात 10 बजे तक लगे रहते हैं। इसके साथ ही 46 राइडर व ईआरवी निरंतर गश्त कर रही हैं। पैदल महिला कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए रास्ते में और कांवड़ शिविरों पर महिला पुलिसकर्मियों की भी विशेष रूप से ड्यूटी लगाई गई है। पर्याप्त संख्या में पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई है। इसके साथ ही गांव सिवाह के पास चैटाला रोड के सामने कट पर बैरिकेडस लगाए गए है। जिससे दिल्ली की तरफ जाने वाली रोडवेज बसों को अब बीएमबी कट से यु-टर्न लेकर फ्लाई ओवर पर चढ़ना होगा।

पानीपत की और से यूपी जाने वाले व अंसंध, जीन्द से पानीपत आने जाने वाले भारी वाहनों का रूट डायवर्ट

कावड़ यात्रा समाप्ति तक पानीपत की पुराना सनौली रोड़ व 709 एडी हाइवे से सनौली तथा खोजकीपुर यमुना पुल से होते यूपी जाने वाले भारी वाहनों का रूट डायवर्ट किया है। भारी वाहन पानीपत से घरौंडा, करनाल से सहारनपुर यूपी में प्रवेश कराए जा रहे हैं। असंध जीन्द की और से आने वाले भारी वाहनों को नारा नाका से धर्मगढ़, जोसी, लोहा पुल से रिफाइनरी पैप्सी पुल से जीटी रोड पर प्रवेश कराया जा रहा है। पानीपत से मतलौडा, असंध की तरफ जाने वाले हल्के वाहनों का भी रूट डायवर्ट किया गया है। ये वाहन चालक बिंझौल से जाटल, भालसी इत्यादी मार्गो का उपयोग करें। इसके साथ ही यातायात पुलिस को तैनात कर आदेश दिए गए हैं कि चौक-चोराहों व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सजगता से अपना कर्तव्य निर्वहन करें ताकि किसी भी स्थिति में जाम लगने से बचा जा सके।

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने वाहन चालकों से अपील है कि वे सुरक्षित वाहन चलाएं, जिससे कांवड़ियों को किसी भी तरह की दिक्कत न आए। वाहनों को धीरे से चलाएं, जिन मार्गों से कांवड़ यात्री गुजर रही हैं वहां पर जरूरी न हो तो वाहन न लेकर जाए। यदि कांवड़ यात्रा आ रही है तो उसमें प्राथमिकता कांवड़ियों को दें। सड़क पर किसी भी कट या डायवर्जन पर अपना वाहन धीरे चलाएं, हो सके तो अपने वाहन को कुछ देर के लिए रोक ले। पवित्र कांवड़ यात्रा में सहयोग करें। कांवड़ यात्रा शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए आमजन का सहयोग बहुत जरूरी है।

Comments


Leave a Reply