पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने सोमवार को फील्ड में उतरकर शहर की कानून व्यवस्था का लिया जायजा.
-शहर के विभिन्न थानों का औचक निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए
BOL PANIPAT : 19 अगस्त 2024, पानीपत के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने पदभार संभालने के बाद जिला में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए सोमवार को रक्षाबंधन के दिन फील्ड में उतर आए। उन्होंने कई स्थानों का मौका मुआयना कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसी के साथ थाना माॅडल टाउन, थाना पुराना औद्योगिक क्षेत्र, थाना शहर, थाना तहसील कैंप, महिला थाना, ट्रैफिक थाना, सीआईए वन स्टाफ व थाना सेक्टर 13/17 का औचक निरीक्षण किया। उन्हाेंने यहां व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने इस दौरान थानों में साफ सफाई से लेकर भवन का जायजा लिया। थानों का अपराध रजिस्टर, मालखाना, भोजनालय, कार्यालय व्यवस्था, आवास, बैरक, शिकायत रजिस्टर की जांच पड़ताल करने के साथ ही लंबित संवेदनशील मामलों में तेज गति से कार्रवाई करने व आरोपियों शीघ्र गिरफ्तार करने संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों को थानों में साफ-सफाई पर ध्यान रखने बारे विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई से न केवल सुंदरता बनी रहती, बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक है।
पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने इस दौरान थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि थानों में आने वाले शिकायतकर्ताओं के साथ पुलिस का व्यवहार अच्छा होना चाहिए। साथ ही शिकायत पर तुरंत कार्रवाई भी की जाएं। इससे आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि जनसाधारण का सहयोग पुलिस के लिए बहुत जरूरी है। ऐसे में जनसाधारण से तालमेल बनाकर काम करें। इससे न केवल अपराध कम होगा, बल्कि कोई घटना होने पर पुलिस मामले को आसानी से सुलझा भी सकती है।
पुलिस अधीक्षक ने महिला विरुद्ध अपराध को रोकने की दिशा में अहम कदम उठाने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अच्छा काम करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि पुलिस की छवि खराब करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जिले को अपराध मुक्त बनाने को लेकर जनसाधारण से संपर्क बनाकर रखें। हर छोटी से छोटी घटना पर तत्काल एक्शन ले, इससे न केवल अपराध कम होगा, बल्कि अपराधियों पर नकेल कसी जा सकेंगी।
पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने कहा कि जिले को अपराध मुक्त बनाने व कानून व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने के लिए हर संभव कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिला में बेहतर कानून व्यवस्था व शांति बनाए रखने में आमजन से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय पुलिस आमजन की सेवा, सुरक्षा एवं सहयोग के लिए हमेशा तत्पर रहेंगी।
कानून तोड़ने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आम जनता से अपील है कि उनके क्षेत्र में यदि कोई जुआ, सट्टा खाईवाली, नशा व हथियारों की तस्करी सहित अन्य किसी अपराध में शामिल है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। एसपी ने सख्त लहजे में एक बार फिर कहा कि अपराधियों के लिए जिला पानीपत में कोई स्थान नहीं है या तो वे सही दिशा (अच्छे कार्य) पकड़ ले नहीं तो उन्हें भगाना आता है।

Comments