नशे की समस्या को रोकने में परिवार और दोस्तों का साथ हो सकता है मददगार : केदार दत्त कौशिक अध्यक्ष बाल कल्याण समिति पानीपत
-राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिवाह में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान
BOL PANIPAT : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिवाह, पानीपत में जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण पानीपत सचिव वर्षा शर्मा के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में नशा मुक्ति अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें बाल कल्याण समिति अध्यक्ष केदार दत्त कौशिक, विद्यालय प्रिंसिपल सुरेन्द्र, पुलिस विभाग से ए एस आई जगपाल जी, एमडीडी ऑफ इंडिया जिला समन्वयक संजय कुमार, स्वास्थ्य विभाग से मनोवैज्ञानिक किशोर और पैनल एडवोकेट मीनाक्षी द्वारा विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ संबोधित किया गया।
बाल कल्याण समिति अध्यक्ष केदार दत्त कौशिक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा विनाश का कारण है और यह देश और समाज को कमजोर करता है।
पुलिस विभाग से नशा विरोधी मुहिम का संचालन कर रहे ए एस आई जगपाल ने कहा कि नशे के कारण आज हजारों परिवार बर्बाद हो रहे हैं और नशे के चलते युवा अपराध की गर्त में जा रहे हैं। नशे के चलते युवा पहले अपने घर का सामान बेचते हैं और फिर चोरी और लूट जैसे अपराध करते हैं। इसलिए नशा करने वालों और बेचने वालों पर विभाग सख्ती से कार्रवाई कर रहा है।
स्वास्थ्य विभाग से साइकोलॉजिस्ट किशोर ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा नशे की समस्या से ग्रसित व्यक्ति को हर तरह की चिकित्सकीय और मनोवैज्ञानिक सहायता फ्री उपलब्ध कराई जाती है। अभी तक हजारों लोगों को नशे की लत से बाहर निकाला जा चुका है।
एमडीडी ऑफ इंडिया से जिला समन्वयक संजय कुमार ने कहा कि बच्चे छोटी उम्र में ही दोस्तों या बड़ों से नशे की आदत सीखते हैं। अगर हम चाहे तो अपने दोस्तों को नशे की लत लगने से पहले ही उन्हें सुधार सकते हैं।
पैनल एडवोकेट मीनाक्षी ने कहा कि पहला सुख निरोगी काया। इसलिए हमें अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना चाहिए और नशे की संगत से दूर रहना चाहिए।
अंत में प्रिंसिपल सुरेन्द्र ने सभी का धन्यवाद करते हुए कहा कि हम सबको मिलकर नशे को हराना है। तभी हम एक स्वस्थ और विकसित भविष्य का निर्माण कर पाएंगे।
इस मौके पर स्कूल स्टाफ से राजेश मंडल, राजवीर,सत्य, दिनेश, सुरेन्द्र मलिक, दविंदर कौर, मनीषा, मीनाक्षी और पैरा लीगल वालंटियर मीनू एवं छठी से बारहवीं के छात्र उपस्थित रहे।

Comments