बाइक चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी काबू; चोरी की तीन बाइक बरामद.
BOL PANIPAT : 03 मार्च 2023, एंटी व्हीकल थेप्ट की टीम ने बाइक चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को काबू कर आरोपी के कब्जे से चोरी की तीन बाइक बरामद की हैं। आरोपी की पहचान साजिद पुत्र महबूब निवासी पारसोली मुजफ्फरनगर यूपी हाल किरायेदार सनौली रोड उग्राखेड़ी मोड़ मुर्गी फार्म पानीपत के रूप में हुई है।
एंटी व्हीकल थेप्ट टीम इंचार्ज सब इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि वीरवार को उनकी टीम गश्त के दौरान सनौली रोड पर पुरानी सब्जी मंडी के पास मौजूद थी। टीम को इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि संदिग्ध किस्म का एक युवक स्पलेंडर बाइक पर बलजीत नगर नाका की और से सनौली रोड होते हुए संजय चौक की तरफ जाएगा। बाइक चोरी की होने की संभावना है। पुलिस टीम ने सूचना को पुख्ता मानकर तुरंत सनौली रोड पर शिव चौक के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ देर पश्चात बलजीत नगर नाका की तरफ से संदिग्ध किस्म का एक युवक स्पलेंडर बाइक पर आते हुए दिखाई दिया। पुलिस टीम ने बाइक सवार युवक को नाके पर रोककर पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान साजिद पुत्र महबूब निवासी पारसोली मुजफ्फरनगर यूपी हाल किरायेदार सनौली रोड उग्राखेड़ी मोड मुर्गी फार्म पानीपत के रूप में बताई।
बाइक के कागजात मांगने पर आरोपी युवक बहाने बाजी करने लगा। टीम ने गहनता से पूछताछ की तो आरोपी ने उक्त बाइक जुलाई 2022 में अनाज मंडी गेट के नजदीक एक होटल के बाहर से चोरी करने बारे स्वीकारा। बाइक चोरी की वारदात बारे थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में प्रमोद पुत्र सुरजमल निवासी रिसालू की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
सब इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि बाइक चोरी की अन्य वारदातों बारे पूछताछ करने पर आरोपी ने अन्य एक स्पलेंडर बाइक व एक बजाज सीटी बाइक कुछ दिन पहले नशे की हालत में चोरी करने बारे स्वीकारा। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की उक्त दोनों बाइक उग्राखेड़ी मोड़ मुर्गी फार्म के नजदीक आरोपी के किराये के कमरे से बरामद कर बाइक के मालिक की पहचान ना होने पर चोरीशुदा दोनों बाइक को 102 सीआरपीसी के तहत कब्जा पुलिस में लिया गया।
सब इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि आरोपी साजिद से पूछताछ में खुलासा हुआ वह नशा करने का आदी है। नशे की लत पूरी करने के लिए पैसों की जरूरत पड़ी तो उसने बाइक चोरी की उक्त वारदातों को अंजाम दिया। वीरवार को आरोपी चोरीशुदा स्पलेंडर बाइक पर सवार होकर बेचने के लिए ग्राहक की फिराक में घूम रहा था। पुलिस टीम ने उसे चोरीशुदा बाइक सहित सनौली रोड पर शिव चौक के पास गिरफ्तार कर लिया। आरोपी साजिद के कब्जे से चोरी की कुल तीन बाइक बरामद कर पुलिस टीम ने आरोपी को आज माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।

Comments