Tuesday, July 14, 2026
Newspaper and Magzine


अवैध कॉलोनियों पर प्रशासन करेगा बड़ी कार्रवाई: एसडीएम मनदीप कुमार

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at July 14, 2026 Tags: , , , , ,

बिजली कनेक्शन पर रोक, पुलिस फोर्स बढ़ाने के आदेश

अवैध कॉलोनियों पर प्रशासन का बड़ा एक्शन

अवैध कॉलोनियों के खिलाफ संयुक्त अभियान तेज, विभागों को सौंपी जिम्मेदारियां

BOL PANIPAT , 14 जुलाई। जिले में अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माणों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एसडीएम मनदीप कुमार की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समन्वय के साथ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

    एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध कॉलोनी या अनधिकृत निर्माण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस विभाग को अभियान के दौरान पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए ताकि कार्रवाई के समय कानून व्यवस्था पूरी तरह बनी रहे और प्रशासनिक कार्रवाई में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। बैठक में बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अवैध कॉलोनियों में किसी भी स्थिति में नए बिजली कनेक्शन जारी न किए जाएं। वहीं जिला नगर योजनाकार (एनफोर्समेंट) को निर्देश दिए गए कि जहां भी अवैध निर्माण या कॉलोनियों की सूचना मिले, वहां तत्काल नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा संबंधित अधिकारियों को अधिक से अधिक एफआईआर दर्ज करवाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई प्रभावी ढंग से हो सके।

एसडीएम ने सभी विभागों से आपसी समन्वय बनाकर अभियान को तेज करने और प्रत्येक कार्रवाई की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध कॉलोनियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता और दृढ़ता के साथ कार्य कर रहा है।  उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार जिले में अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध अधिक से अधिक एफआईआर दर्ज कराई जाएं, अवैध कॉलोनियों में नए बिजली कनेक्शन जारी न किए जाएं तथा कार्रवाई के दौरान पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराया जाए। नियमों की अवहेलना किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

एसडीएम समालखा अमित कुमार ने कहा, अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि अवैध निर्माणों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। आमजन से भी अपील है कि किसी भी प्लॉट या कॉलोनी में निवेश करने से पहले उसकी वैधता की पूरी जांच अवश्य करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में जिला टाउन प्लानिंग अधिकारी सुमित मलिक, डीएसपी सुरेश सैनी, बिजली विभाग के कार्यकारी अभियंता आदित्य कुंडू, पीडब्ल्यूडी विभाग की कार्यकारी अभियंता सविता पानू, तहसीलदार मनोज नरेंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ संयुक्त अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने तथा विभागवार जिम्मेदारियां तय कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

Comments


Leave a Reply