Friday, July 17, 2026
Newspaper and Magzine


वर्ष 2026-27 का बजट प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा – कृष्ण लाल पंवार

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at March 2, 2026 Tags: , , , ,

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा पेश बजट से गांव से शहर तक संतुलित विकास को मिलेगा बल

पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देते हुए बजट में 22.88 प्रतिशत की गई बढ़ोतरी

प्रत्येक ब्लॉक में एक आधुनिक ग्राम हाट की होगी स्थापना

BOL PANIPAT , 2 मार्च – हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने सोमवार का वित्तमंत्री के रूप में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा हरियाणा विधानसभा में पेश किए वर्ष 2026-27 के बजट का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2047 तक प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने हेतु ‘हरियाणा विजन डॉक्यूमेंट-2047’ नामक रोडमैप तैयार किया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री व वित्त मंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देते हुए बजट में 22.88 प्रतिशत की रिकॉर्ड तोड़ बढ़ोतरी की गई है।

उन्होंने बताया कि बजट में पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देते हुए वर्ष
2025-26 के संशोधित अनुमान 7,083.17 करोड़ रुपये में 22.88 प्रतिशत से बढ़ाकर वर्ष 2026-27 में 8.703.75 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने हाल ही में मनरेगा को और प्रभावी बनाते हुए, इस योजना को विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन ग्रामीण (VB-G-RAM-G) नाम से शुरू किया है। हरियाणा में हर ग्रामीण परिवार को साल में 125 दिन की मजदूरी आधारित रोजगार गारंटी हेतु 610 करोड़ रुपये मिलेंगे।

उन्होंने बताया कि एक हजार से अधिक आबादी वाली पंचायतों की कच्ची फिरनियों को पक्का करने की घोषणा अनुसार 717 कच्ची फिरनियों को 318 करोड़ की लागत से पक्का करवाया जा चुका है और आगामी वर्ष में इन गांवों की बची हुई सभी कच्ची फिरनियों को पक्का करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके साथ ही, अभिनव पायलट परियोजना नाम से ग्राम पंचायत की भूमि पर सोलर फार्म स्थापित किया जाएगा, जिससे लोगों के बिलों में कमी आएगी और ग्राम पंचायत के लिए आय का एक नया स्रोत भी बन पाएगा।

उन्होंने बताया कि चालू वित्त वर्ष में 983 अटल पुस्तकालय तथा 415 इंडोर जिम तैयार किया जा चुके हैं। 24 दिसंबर, 2025 को अटल सुशासन दिवस के उपलक्ष्य पर माननीय गृह मंत्री अमित शाह जी द्वारा 250 अटल पुस्तकालयों का उद्घाटन किया गया। आने वाले अटल सुशासन दिवस पर 1,000 नए अटल पुस्तकालयों के लोकार्पण किया जाएगा।

पंवार ने बताया कि पिछले बजट में 5 लाख संभावित लखपति दीदी चुनने के लक्ष्य में से 4,83,361 महिलाओं की पहचान कर ली गई है। अगले वर्ष 3 लाख और लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य है। इसके साथ ही, स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की मार्केटिंग के हेतु प्रत्येक ब्लॉक में एक आधुनिक ग्राम हाट की स्थापना भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के अंतर्गत 20,000 से अधिक ग्रामीण युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ा जाएगा।

Comments