Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


खादी आश्रम पानीपत में बड़ी धूमधाम एवं उत्साहपूर्वक मनाया गया देश का 75वां गणतन्त्र दिवस.

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at January 26, 2024 Tags: , , , , , ,

BOL PANIPAT : 26 जनवरी 2024 – विद्या भारती माॅडर्न स्कूल के तत्वावधान में देश का 75वां गणतन्त्र दिवस खादी आश्रम, पानीपत में बड़ी धूमधाम एवं उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर  निर्मल दत्त, अध्यक्षा, खादी आश्रम, पानीपत ने ध्वजारोहण किया। इस कार्यक्रम में खादी आश्रम पानीपत एवं भारतीय खादी ग्रामोद्योग संघ पानीपत के कार्यकर्ताओं तथा विद्या भारती माॅडर्न स्कूल के स्टाफ व विद्यार्थियों ने भाग लिया।    
     खादी आश्रम, पानीपत एवं पानीपत नागरिक मंच तथा भारतीय खादी ग्रामोद्योग संघ उत्तरी क्षेत्र, पानीपत की अध्यक्षा व विद्या भारती माॅडर्न स्कूल की डायरेक्टर निर्मल दत्त द्वारा इस अवसर पर बोलते हुए कहा कि आज हम 75वां गणतंत्र दिवस मनाने के लिए एकत्रित हुए हैं। संविधान बनाने में 2 वर्ष 11 माह 18 दिन का समय लगा तथा 26 जनवरी 1950 को हमारा देश एक प्रजातांत्रिक गणराज्य बना था। भारत के लिए गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं बल्कि गौरव और सम्मान है। गणतन्त्र का अर्थ यह है जिसके अनुसार देश में रहने वाले नागरिकों को सर्वोच्च शक्ति और सही दिशा में देश के नेतृत्व के लिए अपने प्रतिनिधि चुनने का अधिकार है।  

निर्मल दत्त ने आगे बताया कि हमारे देश के महान नेताओं और स्वतंत्रता सेनानियों जैसे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, भगत सिंह, चन्द्रशेखर आजाद, लाला लाजपतराय, पं. जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल, लाल बहादुर शास्त्री और अनगिनत देशभक्तों ने ब्रिटिश हुकूमत से लोहा लिया और हमें आजादी दिलवाई। भारत को एक आजाद देश बनाने के लिए इन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ लगातार संघर्ष किया। हम इन स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को कभी नहीं भूल सकते। आजादी के इतने वर्षों के बाद भी हम आज अपराध, भ्रष्टाचार और हिंसा जैसी समस्याओं से लड़ रहे हैं जो कि चिंता का विषय है। अब समय आ गया है कि हम दोबारा एक साथ मिलकर इन बुराईयों को बाहर निकाल फेंकने का प्रयास करेंगे।
निर्मल दत्त ने आगे कहा कि हमारे राष्ट्रीय झंडे में जो केसरिया रंग है वह देश के वीरों की वीरता, त्याग एवं बलिदान का प्रतीक है। सफेद रंग प्रकाश, एकता व शांति का प्रतीक है। हमें अपना जीवन और राष्ट्र का जीवन प्रकाशमय बनाना है। हरा रंग हरियाली एवं समृद्धि का प्रतीक है तथा राष्ट्रीय झंडे में बना अशोक चक्र धर्म, प्रगति एवं विकास का प्रतीक है। हमें इन्हीं आदर्शों के अनुसार राष्ट्र निर्माण में योगदान देना है।
     अन्त में निर्मल दत्त ने सभी उपस्थित नागरिकों एवं स्टाफ को राष्ट्र सेवा और राष्ट्र की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता की रक्षा एवं स्वदेशी वस्तुओं का प्रयोग करने की प्रतिज्ञा भी दिलवाई। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

Comments