Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


ग्रामीणों की समस्याओं पर गंभीर जिला परिषद. विकास कार्यों को मिलेगी नई रफ्तार.

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at March 11, 2026 Tags: , , , , ,

-चेयरपर्सन ज्योति शर्मा ने ग्रामीणों से की सीधी बातचीत, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

BOL PANIPAT , 11 मार्च। जिला परिषद कार्यालय में बुधवार को जिला परिषद की चेयरपर्सन ज्योति शर्मा ने जिले के विभिन्न गांवों से आए ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान ग्रामीणों ने अपने-अपने क्षेत्रों की आवश्यकताओं, अधूरे पड़े विकास कार्यों और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों को चेयरपर्सन के समक्ष विस्तार से रखा।

चेयरपर्सन ज्योति शर्मा ने सभी ग्रामीणों की बातों को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि जिला परिषद के अंतर्गत आने वाले जो भी विकास कार्य किसी कारणवश रुके हुए हैं, उन्हें जल्द से जल्द दोबारा शुरू करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले के सभी गांवों में विकास कार्यों को गति देने के लिए जिला परिषद पूरी प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए। जिन परियोजनाओं में किसी प्रकार की बाधा आ रही है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए, ताकि गांवों में सडक़, नालियां, सामुदायिक भवन, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य समय पर पूरे हो सकें।

    ज्योति शर्मा ने कहा कि जिला परिषद का मुख्य उद्देश्य गांवों का समग्र और संतुलित विकास सुनिश्चित करना है। इसके लिए प्रशासन के साथ-साथ ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी भी बेहद आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और सुझावों को समय-समय पर जिला परिषद तक पहुंचाते रहें, ताकि विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी तरीके से लागू किया जा सके। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में जिले के सभी गांवों में रुके हुए विकास कार्य तेजी से शुरू होंगे और क्षेत्र के विकास को नई दिशा और गति मिलेगी।

Comments