Saturday, October 10, 2026
Newspaper and Magzine


जिला पुलिस की नशा मुक्त अभियान की टीम ने विकास नगर व किशनपुरा में डोर टू डोर लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया।

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at October 10, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT, 10 अक्तूबर। पानीपत पुलिस द्वारा जिले को नशा मुक्त बनाने की दिशा में चलाया जा रहा जागरूकता अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में जिला पुलिस की नशा मुक्त अभियान की टीम ने शनिवार को विकास नगर व किशनपुरा में अभियान चलाकर डोर टू डोर जाकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया।

पुलिस टीम ने घर-घर जाकर लोगों से संवाद स्थापित किया और उन्हें नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक तथा स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। लोगों को बताया कि नशे की लत व्यक्ति के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को बुरी तरह प्रभावित करती है। इससे न केवल व्यक्ति की कार्य क्षमता और निर्णय लेने की क्षमता कमजोर होती है, बल्कि उसका पारिवारिक और सामाजिक जीवन भी प्रभावित होता है। टीम ने लोगों को समझाया कि नशा अपराधों को भी बढ़ावा देता है और युवाओं का भविष्य अंधकारमय बना सकता है।
पुलिस टीम द्वारा अभिभावकों को बच्चों के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के बारे में भी जागरूक किया गया। लोगों को बताया कि वर्तमान समय में युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से बचाने के लिए परिवार की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। यदि अभिभावक बच्चों की गतिविधियों पर नियमित नजर रखें, उनके मित्रों और दिनचर्या की जानकारी रखें तथा उनके साथ खुलकर संवाद करें तो उन्हें गलत संगत और नशे की लत से बचाया जा सकता है।

अभियान के जिला नोडल अधिकारी डीएसपी प्रणय कुमार ने कहा कि पानीपत पुलिस नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति की सोचने-समझने और सही निर्णय लेने की क्षमता को कमजोर कर देता है, जिससे वह अपराध और अन्य गलत गतिविधियों की ओर आकर्षित हो सकता है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक नागरिक को नशा विरोधी अभियान में भागीदारी निभानी चाहिए और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि उन्हें नशा तस्करी से संबंधित कोई भी जानकारी मिलती है, तो वे संबंधित थाना या MANAS टोल फ्री नंबर 1933 पर सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पानीपत पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Comments


Leave a Reply