Tuesday, July 28, 2026
Newspaper and Magzine


30 नवम्बर तक समाप्त होगा पानीपत ऊपरगामी पुल के एंट्री और एग्जिट का कार्य। पानीपत के लोगों को इसके बाद कटों से आने-जाने का रास्ता साफ होगा: उपायुक्त 

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at September 21, 2023 Tags: , , , , ,

बोल पानीपत , 21 सितंबर। जिला सडक़ सुरक्षा एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने जानकारी दी कि पानीपत ऊपरगामी पुल के एन्ट्री और एग्जिट का कार्य 30 नवम्बर तक समाप्त होगा और पानीपत के लोगों को इसके बाद कटों से आने-जाने का रास्ता साफ होगा।
उन्होंने बैठक में डीटीओ डॉ. नीरज जिंदल द्वारा प्रस्तुत किए गए एजेंडे पर बिन्दुवार दिशा निर्देश देते हुए कहा कि केसर ढाबे के पास बार-बार राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्रिल तोडऩे बारे शिकायत आ रही है। उन्होंने सम्बंधित एजेंसी को निर्देश दिए कि वे इस बारे तुरन्त प्रभाव से एफआईआर दर्ज करवाए और विगत में टूटी हुई ग्रिल की भरपाई भी संबंधित ढाबे मालिक से करें।
उन्होंने निर्देश दिए कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर विभिन्न स्थानों पर कान्वेंट मिरर, साइन बोर्ड, जेब्रा क्रॉसिंग इत्यादि लगवाना भी सुनिश्चित करें। जहां-जहां अवैध कब्जे हैं उन्हें तुरंत प्रभाव से हटाया जाए। बैठक में उपायुक्त ने पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज को जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग को बस अड्डे के पास से चौड़ीकरण के लिए विभिन्न विभागों के अनापत्ति प्रमाण पत्र(एन.ओ.सी.) प्राप्त हो चुके हैं। अक्टूबर के पहले सप्ताह में एनएचएआई की ओर से तैयार टेंडर पर विभिन्न सम्बंधित अधिकारियों और विधायक की सहमति से इसे एनएचएआई के मुख्यालय में लगने के लिए भेजा जाएगा। इसके बाद इस पर काम शुरू होगा।
राधा स्वामी सत्संग के पास रॉन्ग साइड चलने वाले वाहनों के होंगे टायर पंक्चर
उपायुक्त वीरेन्द्र कुमार दहिया ने कहा कि सड़क पर दुर्घटनाओं के होने का अंदेशा बना रहता है। इसी कड़ी में टोल व राधा स्वामी सत्संग घर के पास लोग गलत दिशा में चलते हैं। इसको लेकर जल्द ही ऐसा उपकरण खरीदकर गलत दिशा की ओर जाने वाले वाहनों के लिए लगाया जाएगा जिससे उसके पास आते ही वाहन का टायर पंक्चर होगा। यही नहीं वहां पर कैमरे लगाने की व्यवस्था भी की जाएगी ताकि लोग रॉंग साइड  ना जाए। उन्होंने बताया कि दुर्घटना का सभी डेटा आई.आर.ए.डी. (एकीकृत सडक़ दुर्घटना डेटाबेस) एप्लिकेशन से उठाया जा रहा है। आईआरएडी एप्लीकेशन से गूगल एमएपी या ग्रिड से ब्लैक स्पॉट या दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान की जाती है। उन्होंने इसके लिए आई.आर.ए.डी. के जिला रोलआउट मैनेजर पुनीत को निर्देश देते हुए कहा कि इस पर विशेष तौर पर काम करें। बैठक में मेयर अवनीत कौर, एसपी अजीत सिंह शेखावत, एसडीएम पानीपत मनदीप सिंह, एसडीएम समालखा अमित कुमार, सीटीएम राजेश सोनी इत्यादि भी उपस्थित रहे।

Comments