Tuesday, August 11, 2026
Newspaper and Magzine


आयुष्मान भारत कार्ड बनाने को लेकर स्वास्थ्य विभाग को करना होगा और तीव्रता से कार्य: उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at August 11, 2026 Tags: , , , , ,

सीएमजीजीए की समीक्षा बैठक में सामने आए बिंदुओं पर गंभीरता से कार्य करें अधिकारी

जिले में विकास कार्यों की प्रगति पर डीसी की पैनी नजर, अधिकारियों को समयबद्ध परिणाम देने के निर्देश

जल पुन: उपयोग, जलभराव, स्वास्थ्य, शिक्षा, कचरा प्रबंधन समेत विभिन्न योजनाओं की समीक्षा

BOL PANIPAT , 11 अगस्त। जिला सचिवालय सभागार में मंगलवार को उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में मंगलवार को मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी की ओर से विभिन्न विकासात्मक एवं जनहित से जुड़े कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल के पुन: उपयोग, जलभराव एवं तालाबों, स्वास्थ्य योजनाओं, ठोस कचरा प्रबंधन, ई-ऑफिस एवं सीएफएमएस, शिक्षा तथा म्हारी सडक़ सहित विभिन्न विषयों पर विभागवार प्रगति की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने अधिकारियों से प्रत्येक विषय पर अपडेट लेते हुए कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर ठोस परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जल पुन: उपयोग व्यवस्था की समीक्षा के दौरान सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के उपचारित पानी के अधिक से अधिक पुन: उपयोग की संभावनाएं तलाशने पर जोर दिया।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपचारित पानी की मांग वाले स्थानों की विभागवार मैपिंग की जाए और एसटीपी के आसपास ऐसे स्थानों को चिन्हित किया जाए, जहां तत्काल इसका उपयोग शुरू किया जा सके। सिंचाई, कृषि, पार्कों एवं ग्रीन बेल्ट, सडक़ निर्माण व रखरखाव, धूल नियंत्रण, निर्माण कार्य तथा अन्य गैर-पेयजल जरूरतों में उपचारित पानी के उपयोग की संभावनाओं पर कार्य करने के निर्देश दिए गए। साथ ही टैंकरों के माध्यम से उपचारित पानी की आपूर्ति को रिकॉर्ड के साथ व्यवस्थित करने तथा कृषि क्षेत्र में इसके उपयोग को भी औपचारिक रूप देने पर जोर दिया गया।

उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान में अलग-अलग स्तर पर हो रहे पानी के पुन: उपयोग को नियोजित, निगरानी आधारित और मांग के अनुरूप व्यवस्था में बदला जाए। उन्होंने एसटीपी में सीवरेज की पर्याप्त कनेक्टिविटी बढ़ाकर कम उपयोग हो रहे प्लांट की क्षमता का बेहतर इस्तेमाल सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा में आयुष्मान भारत कार्ड बनाने की प्रगति पर चर्चा की गई वहीं वय वंदना कार्ड के तहत तैयार कार्ड के कार्य में और प्रगति पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने लंबित पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। बैठक में विद्यार्थियों के हीमोग्लोबिन कार्ड बनाने के लिए संबंधित विभागों को विद्यार्थियों की नियमित निगरानी और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग की समीक्षा ,ठोस कचरा प्रबंधन की समीक्षा में वार्ड कमेटी बैठकों की स्थिति, मानव संसाधन, मशीनरी की आवश्यकता, एनजीओ की पहचान एवं सहभागिता, बीडब्ल्यूजी अनुपालन तथा डोर-टू-डोर कचरा उठान से जुड़े वाहनों की स्थिति पर चर्चा की गई।

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन विषयों का दस्तावेजीकरण अभी तक नहीं हुआ है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर रिकॉर्ड पर लाया जाए और आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ई-ऑफिस एवं सीएफएमएस की समीक्षा में लंबित मामलों पर भी उपायुक्त ने अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों को डिजिटल माध्यम से गति देने तथा वित्तीय मामलों के लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय में निपटारा करने के निर्देश दिए।
जलभराव एवं तालाबों की स्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभागों को नए जलभराव वाले स्थानों की पहचान कर हॉटस्पॉट सूची को अपडेट करने और चिन्हित स्थानों पर जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने संबंधित विभागों को इनके सुधार एवं मरम्मत संबंधी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि समीक्षा बैठकों का उद्देश्य केवल प्रगति रिपोर्ट लेना नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर दिखाई देने वाला बेहतर परिणाम सुनिश्चित करना है। प्रत्येक विभाग अपने कार्यों की स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करे, समय सीमा निर्धारित करे और अगली समीक्षा से पहले ठोस प्रगति सुनिश्चित करे। उन्होंने सीएमजीजीए की समीक्षा में सामने आए बिंदुओं पर गंभीरता से कार्य करते हुए जनहित से जुड़े कार्यों में गति, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस मौके पर निगम आयुक्त डॉ पंकज यादव, सीईओ डॉ किरण, नगराधीश टीनू पोसवाल, सीएमओ विजय मलिक, डिप्टी सीएमओ मनीष पासी, सीएमजीजीए अदिति, डीईओ राकेश बूरा, डीआईएम सोहन ग्रोवर के अलावा कई विभागों से अधिकारी मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply