विधानसभा क्षेत्र की मांगों को कुर्ते पर प्रिंट करवा गवर्नर के निमंत्रण पर कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आए थे विधायक. पुलिस ने विधायक को किया डिटेन
-सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत संदिग्ध पहरावा देख कर पुलिस ने विधायक को किया डिटेन . पूर्व मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद विधायक को छोड़ा गया.
BOL PANIPAT : हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पानीपत रेस्ट हाउस से NIT विधानसभा क्षेत्र फरीदाबाद के कांग्रेस विधायक नीरज शर्मा को पुलिस की कस्टडी से छुड़ाकर ले गए। इससे पहले असंध नाके के समीप से विधायक नीरज शर्मा के पहनावे को देखकर पुलिस उन्हें PWD रेस्ट हाउस में डिटेन कर लेकर आई थी। नीरज शर्मा गवर्नर बंडारू दत्तात्रेय के निमंत्रण पर पानीपत में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आए थे।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा को जैसे ही इस बात का पता चला कि पुलिस उन्हें डिटेन करके रेस्ट हाउस में ले गयी है तो वह भी रेस्ट हाउस में पहुंच गए। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों से पूछा कि आप विधायक को इस तरह रोक सकते हो क्या? इसके बाद हुड्डा ने नीरज शर्मा को हाथ पकड़कर अपनी गाड़ी में बैठाया। डीएसपी नरेंद्र कादियान ने एसपी अजीत सिंह शेखावत की बात भूपेंद्र सिंह हुड्डा से कराई। इसके बाद हुड्डा नीरज को अपने साथ कार में लेकर रवाना हो गए।

दरअसल, हरियाणा के गवर्नर बंडारू दत्तात्रेय का शुक्रवार को झंडा फहराने के कार्यक्रम के बाद रिफाइनरी में एट होम कार्यक्रम रखा गया था । जिसमें सत्ता पक्ष समेत विपक्ष के नेताओं को भी बुलाया गया था । इसी कार्यक्रम के सिलसिले में विधायक नीरज शर्मा पानीपत पहुंचे थे।
नीरज शर्मा ने अपनी फरीदाबाद NIT विधानसभा की मांगों को कुर्ते पर प्रिंट करवाया हुआ था व जय सिया राम व स्वास्तिक का निशान भी कुर्ते पर आगे की ओर बड़े अक्षरों में प्रिंट करवाया हुआ था । आज वह उसी कुर्ते को पहनकर गवर्नर के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। पुराना औद्योगिक थाना पुलिस ने उनके पहनावे को देखकर उन्हें डिटेन करने की कोशिश की। नीरज ने पुलिस को बताया कि उनके पास गवर्नर का निमंत्रण पत्र है। इसके बाद भी पुलिस ने उनकी सुनवाई नहीं कि और उन्हें असंध नाके पर ले गए। यहां से फिर नीरज को पकड़कर PWD रेस्ट हाउस लाया गया।

इसकी भनक लगते ही हुड्डा गुस्से में रेस्ट हाउस पहुंच गए और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए नीरज शर्मा का हाथ पकड़ कर अपने साथ अपनी कार ले गए और एस पी पानीपत से बात करने के बाद वहां से रवाना हो गए

Comments