मंच युवाओं को आगे बढऩे और खुद को पहचान देने का बेहतरीन अवसर करते प्रदान: उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया
-आत्मविश्वास ही सफलता की पहली सीढ़ी
-आर्य कॉलेज में 46 वां इंटर जोनल यूथ फेस्टिवल, युवाओं की प्रतिभा ने बटोरी तालियां
-नियत साफ हो तो फैसले में दुआएं लगती हैं
BOL PANIPAT , 6 नवंबर। जी. टी. रोड स्थित स्थानीय आर्य महाविद्यालय में चल रहे 46वें इंटर जोनल यूथ फेस्टिवल में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जो युवा मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं, वे आत्मविश्वास के प्रतीक होते हैं। उन्होंने कहा कि यूथ फेस्टिवल जैसे आयोजन युवाओं को आगे बढऩे और खुद को पहचान देने का बेहतरीन अवसर प्रदान करते हैं।
महाविद्यालय प्रबंधन समिति ने उपायुक्त का बुके देकर स्वागत किया और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उपायुक्त डॉ. दहिया ने कहा कि हमारे पास अनुभव है और युवाओं के पास समय है। युवाओं को चाहिए कि वे अपने समय का सदुपयोग कर खुद को भविष्य के लिए तैयार करें।
डॉ. दहिया ने कहा कि निर्णायक मंडल की भूमिका यूथ फेस्टिवल में अहम होती है, जो धैर्य, विवेक और निष्पक्षता के साथ निर्णय लेते हैं। उपायुक्त ने कहा कि इंसान जब न्यायपूर्वक फैसला करता है, तो उसे दुआएं लगती हैं। उसकी नियत में खोट नहीं होना चाहिए।
उपायुक्त ने युवाओं की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि विजेता बनना ही सबकुछ नहीं, बल्कि निरंतर प्रयास ही सफलता की असली कुंजी है। उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभव भी युवाओं के साथ सांझा किए।
कॉलेज के अनुशासन और बेहतर शैक्षणिक माहौल की प्रशंसा करते हुए उपायुक्त ने बताया कि आर्य पीजी कॉलेज में 5500 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जिनमें 3500 छात्राएं और 2000 छात्र हैं, और अब तक किसी तरह की शिकायत सुनने को नहीं मिली है।
उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रबंधन समिति ने सदैव प्रशासन का सहयोग किया है, जिसके लिए उन्होंने विशेष आभार जताया। इस अवसर पर मेयर कोमल सैनी, प्राचार्य प्रो. जगदीश गुप्ता, विभिन्न कॉलेजों के प्रिंसिपल और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Comments