Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना हमारी प्राथमिकता: कृषि उप निदेशक डॉ. प्रवीन कुमार गुलिया

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at March 10, 2026 Tags: , , ,

-पराली न जलाएं, योजनाओं का लाभ उठाएं

-किसान हित में योजनाओं को धरातल पर लागू करें

-फील्ड में जाकर किसानों को जागरूक करें कर्मचारी

BOL PANIPAT , 10 मार्च। जिला कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के  उपनिदेशक का कार्यभार संभालने के बाद डॉ. प्रवीन कुमार गुलिया ने विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए उन्हें प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।

    डॉ. गुलिया ने बताया कि विभाग किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण योजनाएं चला रहा है, जिनमें आत्मा स्कीम, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन-तिलहन, कृषि यंत्र अनुदान योजना, फसल अवशेष प्रबंधन (ष्टक्ररू), फसल विविधीकरण कार्यक्रम, ‘मेरा पानी मेरी विरासत’, ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, प्राकृतिक खेती तथा एग्री स्टैक शामिल हैं। डॉ गुलिया ने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना और खेती को अधिक लाभकारी बनाना है।

उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि इन योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान इनका लाभ उठा सकें। साथ ही उन्होंने फील्ड स्टाफ को विशेष रूप से फसल अवशेष प्रबंधन (CRM) योजना के बारे में किसानों को जागरूक करने के लिए गांव स्तर पर अभियान चलाने के निर्देश दिए।

    डॉ. गुलिया ने कहा कि पराली जलाने से पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचता है और इससे मिट्टी की उर्वरता भी प्रभावित होती है। इसलिए किसानों को पराली न जलाने के लिए जागरूक किया जाए और विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही मशीनों व योजनाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जाए। इस अवसर पर उन्होंने किसानों से भी अपील की कि वे फसल अवशेष को खेतों में न जलाएं और पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ अपनी भूमि की उर्वरता बनाए रखने के लिए वैज्ञानिक तरीकों को अपनाएं।

    उन्होने कहा कि विभाग की सभी योजनाओं का उद्देश्य किसानों को तकनीकी सहायता, संसाधन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। हमारा प्रयास है कि जिले का हर किसान इन योजनाओं का लाभ उठाए और खेती को अधिक लाभकारी व टिकाऊ बनाए। इसके लिए विभाग का प्रत्येक कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करेगा और गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक करेगा। बैठक में एसडीओ देवेंद्र कुहाड़, कृषि सहायक अभियंता सुधीर, अवतार सिंह के अलावा स्टाफ के सदस्य मौजूद रहे।

Comments