आर्य पीजी कॉलेज पानीपत के प्राध्यापकों ने हरियाणा कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन के आह्वान पर दिया अपनी मांगों को लेकर धरना
BOL PANIPAT – मंगलवार 7 जून 2022, आर्य पीजी कॉलेज पानीपत के प्राध्यापकों की एचसीटीए कॉलेज यूनिट ने हरियाणा कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन के आह्वान पर अपनी मांगों को लेकर कॉलेज प्रांगण में दोपहर 12 से 2 बजे तक धरना दिया ताकि सरकार उनकी लंबित मांगों को बिना किसी और विलम्ब के पूर्ण करे. धरने के पश्चात कॉलेज यूनिट के सदस्य प्राध्यापकों ने माननीय राज्यपाल बण्डारू दत्तारेय, मुख्यमंत्री मनोहर लाल, शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर और अतिरिक्त मुख्य सचिव उच्चतर शिक्षा विभाग हरियाणा सरकार आनंद मोहन शरण को अपनी मांगों का ज्ञापन उपायुक्त पानीपत के माध्यम से सौंपा. एचसीटीए की आर्य पीजी पानीपत की कॉलेज यूनिट के प्रधान डॉ. विजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आज आर्य कॉलेज के सभी प्राध्यापक व नॉन टीचिंग कर्मचारियों ने उपायुक्त पानीपत को अपना ज्ञापन दिया. ज्ञात रहे की पूरे प्रदेश में जारी धरने का उद्देश्य हरियाणा के गैर सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेजों में कार्यरत प्राध्यापकों की काफी समय से लंबित मांगों की तरफ सरकार का ध्यान आकर्षित कर उन्हें लागू करवाना है.
एक जनवरी 2006 के बाद सेवा में आये प्राध्यापकों को सेवानिवृत्ति पर मिलने वाले लाभ, ग्रेच्युटी, मृत्यु होने की दशा में मिलने वाली ग्रेच्युटी को लागू करना. एनपीएस के तहत कर्मचारियों के हिस्से के मासिक योगदान को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 14 प्रतिशत करना, सातवें वेतनमान के अनुरूप गृह किराये भत्ते को राजकीय महाविधालयों के अनुरूप प्रदान करना, स्टाफ को विस्तृत मेडिकल स्कीम का लाभ देना, तनख्वाह, पेंशन, ग्रेचुटी, लीव एनकैशमेंट और बिलों का ऑनलाइन और त्वरित निपटान ऐसी मांगे है जो काफी समय से लंबित है.

Comments