विद्यार्थियों को केंद्रीय पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (CIPET), मुरथल का औद्योगिक दौरा करवाया गया।
BOL PANIPAT : आई.बी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मार्केटिंग विभाग एवं कल्याणी एजुकेशन वेलफेयर ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में सभी कोर्सेस के लगभग 28 विद्यार्थियों को केंद्रीय पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (CIPET), मुरथल का औद्योगिक दौरा करवाया गया। इस दौरे को प्राचार्या डॉ. शशि प्रभा मलिक, मार्केटिंग विभागाध्यक्षा डॉ. पूनम मदान , माधवी एवं कल्याणी एजुकेशन एंड वेलफेयर ट्रस्ट से सुनील कुमार एवं आंचल ने शुभकामनाओं के साथ हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शशि प्रभा मलिक ने कहा कि सिपेट (CIPET) जैसे संस्थानों में छात्रों के लिए औद्योगिक यात्रा उन्हें सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने, उद्योग की वास्तविकताओं को समझने, नई तकनीकों से अवगत होने और करियर के अवसरों का पता लगाने में मदद करती है। यह छात्रों को उद्योग की कार्यप्रणाली, उपकरणों के संचालन और प्रक्रियाओं को करीब से देखने का मौका देता है। उन्होंने यह भी कहा कि इससे छात्रों को वास्तविक दुनिया की चुनौतियों का सामना करने, नई तकनीकों के बारे में जानने और उनके करियर के लिए प्रेरणा और आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद मिलती है। इस अवसर पर मार्केटिंग विभागाध्यक्ष डॉ. पूनम मदान ने कहा कि CIPET, मुरथल क्षेत्र में प्लास्टिक और संबद्ध उद्योग के सतत विकास के लिए शैक्षणिक और तकनीकी सहायता सेवाएं प्रदान करने हेतु ISO 9001:2015 प्रमाणित संस्थान है। CIPET मुरथल मे प्लास्टिक के कच्चे माल और उत्पादों के परीक्षण और गुणवत्ता नियंत्रण के लिए भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) द्वारा मान्यता प्राप्त है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे औद्योगिक दौरे से विद्यार्थियों को प्रैक्टिकल एक्सपोज़र मिलता है और उन्हें अपने कैरियर के चुनाव में बहुत मदद मिलती है।हमारी कोशिश है कि प्रत्येक विद्यार्थी अध्यन के साथ अपने कैरियर के लक्ष्य के लिए भी तैयार रहे। इस अवसर पर सुश्री माधवी ने कहा कि ऐसे औद्योगिक दौरों से छात्र कक्षा में सीखी गई बातों को वास्तविक कारखाने में बनते हुए देखते हैं। इससे उन्हें औद्योगिक प्रक्रियाओं और उत्पादन की गहरी समझ मिलती है। छात्रों को उद्योग के पेशेवरों से सीधे बातचीत करने और सवाल पूछने का मौका मिलता है। इससे उन्हें करियर के रास्ते और उद्योग के रुझानों के बारे में बहुमूल्य जानकारी मिलती है। इस औद्योगिक दौरे में छात्रों को प्लास्टिक और पेट्रोकेमिकल इंजीनियरिंग से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं जैसे कि टूलींग, डिजाइन, प्लास्टिक प्रोसेसिंग, परीक्षण और गुणवत्ता नियंत्रण के बारे में दिखाया गया और उन्हे व्यावहारिक अनुभव और तकनीकी जानकारी दी गई। इस औद्योगिक दौरे के सफल आयोजन में निशा गुप्ता, मनीत कौर, मनीष कुमार और कल्याणी एजुकेशन एंड वेलफेयर ट्रस्ट से सुनील कुमार एवं आंचल ने अहम भूमिका निभाई।

Comments