चुनाव के दौरान यूपी बार्डर से किसी प्रकार की अवैध तस्करी न होने पाए. नाकों पर वाहनों व व्यक्तियों की सघंन चेकिंग करें: एसपी लोकेंद्र सिंह
BOL PANIPAT : 26 सितम्बर 2024, पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने विधानसभा आम चुनाव के दृष्टिगत वीरवार को खोजकीपुर इंटर स्टेट नाका व यमुना के घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को जांचा। पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने इस दौरान नाकों पर तैनात जवानों को नाके से गुजरने वाले प्रत्येक वाहन व व्यक्ति की सघंन चेकिंग करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही थाना बापौली प्रबंधक इंस्पेक्टर जाकिर हुसैन को निर्देश दिए की थाना बापौली की सीमा यूपी बार्डर से सटी हुई है। यमुना नदी का जल स्तर भी अब कम हो गया है। चुनाव के दौरान किसी प्रकार की अवैध तस्करी न होने पाए इसके लिए यमुना नदी के साथ लगते क्षेत्र में निरंतर गश्त कर विशेष रूप से निगरानी रखी जाए।
शरारती व आपराधिक किस्म के व्यक्तियों को चिन्हित कर उनकी गतिविधियों पर विशेष रूप से निगरानी रखें। जरूरत पड़ने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लेकर आए। किसी भी सूरत में मादक पदार्थ व शराब की तस्करी नही होनी चाहिए। और साथ ही अवैध पैसे का आवागमन नही होना चाहिए। चेकिंग के दौरान किसी भी प्रकार की कोताही न बरतें तथा कोई भी वस्तु अथवा व्यक्ति संदेह प्रद होने पर उसकी पूर्ण तलाशी ली जाए। यूपी साइड में बार्डर पर तैनात यूपी पुलिस के अधिकारीयों से भी समन्वय बनाकर रखें।
विधानसभा आम चुनाव को जिला में निष्पक्ष, शांतिपूर्ण व भय रहित माहौल में करवाने के मद्देनजर जिले व प्रदेश से लगती सीमाओं पर पुलिस व अर्धसैनिक बल के जवानों द्वारा नाकाबंदी कर चेकिंग की जा रही है। पानीपत पुलिस चुनाव को लेकर अलर्ट मोड में है।
खोजकीपुर व सनौली हरियाणा यूपी बार्डर पर सीसीटीवी कैमरे से भी निगरानी की जा रही है। इसके साथ पानीपत पुलिस यमुना नदी से सटे क्षेत्र में सक्रिय रूप से गश्त व चैकिंग अभियान चलाए हुए हैं। ड्रोन कैमरे से भी आसपास के क्षेत्र में निगरानी रखी जाएगी ताकि कोई भी असामाजिक तत्व यमुना नदी के बीच से शराब व अन्य प्रतिबंधित सामग्री की तस्करी न कर सकें।

Comments