बिजली के खंभों से एंगल और बाइक चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार.5 एंगल व 2 बाइक बरामद.
BOL PANIPAT , 28 मार्च: थाना सदर पुलिस ने रिफाइनरी क्षेत्र में बिजली के खंभों से एंगल और बाइक चोरी करने वाले तीन आरोपियों को शुक्रवार शाम रिफाइनरी रोड पर नीलकंठ धर्मकाटा के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों से बिजली खंभों से एंगल चोरी की एक व बाइक चोरी की दो वारदातों का खुलासा हुआ है। आरोपियों की पहचान करनाल के मुनक गांव निवासी विशाल, मुकेश व बिंटू के रूप में हुई है।
थाना सदर प्रभारी इंस्पेक्टर नीरज ने बताया कि थाना सदर पुलिस टीम को शुक्रवार शाम को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि रिफाइनरी रोड पर नीलकंठ धर्मकाटा के पास संदिग्ध किस्म के तीन युवक एक प्लेटीना बाइक पर सवार होकर किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर तीनों युवकों को काबू किया। पूछताछ में युवकों ने अपनी पहचान विशाल पुत्र जोगराज, मुकेश पुत्र चंद्र व बिंटू पुत्र मुलचंद निवासी मुनक करनाल के रूप में बताई। गहनता से पूछताछ करने पर तीनों आरोपियों ने मिलकर 26 मार्च की रात रिफाइनरी गोल चक्कर के नजदीक बिजली की निर्माणाधीन लाईन के खंभों से लोहे की एंगल चोरी करना स्वीकारा। खंभों से एंगल चोरी की उक्त वारदात बारे थाना सदर में एबीआई एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड कंपनी के इंजीनियर संजीव कुमार की शिकायत पर अभियोग दर्ज है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया वह तीनों नशा करने के आदी है। नशे की लत पूरी करने के लिए पैसों की जरूरत पड़ी तो उन्होंने खंभों से लोहा एंगल चोरी की उक्त वारदात को अंजाम दिया।
प्रभारी इंस्पेक्टर नीरज ने बताया कि गहनता से पूछताछ करने पर आरोपी विशाल ने बीते जनवरी व फरवरी माह में रिफाइनरी के गेट नंबर एक व पांच के पास से दो स्पलेंडर बाइक चोरी करना स्वीकारा। बाइक चोरी की उक्त वारदातों बारे थाना सदर में रेरकला गांव निवासी कर्मबीर पुत्र चंद्रभान और करनाल के पबाना हसनपुर गांव निवासी विनय पुत्र राजपाल की शिकायत पर अभियोग दर्ज है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त प्लेटिना बाइक, खंभों से चोरी की लोहे की 5 एंगल और आरोपी विशाल के कब्जे से चोरी की दो बाइक बरामद कर शनिवार को पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।

Comments