Monday, April 27, 2026
Newspaper and Magzine


274 किलो 730 ग्राम चुरापोस्त तस्करी मामले में तस्कर सहित कैंटर की फर्जी आरसी बनाने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at October 25, 2025 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : 25 अक्तूबर 2025, एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस टीम ने 274 किलो 730 ग्राम चुरापोस्त (मादक पदार्थ) तस्करी मामले में आरोपी तस्कर गांव खिड़वाली रोहतक निवासी हरजीत उर्फ हरदीप को गिरफ्तार कर नशा तस्करी में प्रयुक्त कैंटर की फर्जी आरसी तैयार करने वाले दो आरोपियों को शुक्रवार शाम को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान गांव महराणा झज्जर निवासी ऋषिराज व गांव उंटक नूह निवासी जुनैद के रूप में हुई है।

एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि उनकी टीम ने बीती 30 सितंबर की रात पट्टीकल्याणा के पास स्थित पहलवान ढाबा के परिसर में खड़े एक बंद बॉडी कैंटर से नशे की खेप पकड़ी थी। बॉडी के अंदर एक अलग केबिन बनाकर उसमें मादक पदार्थ से भरे प्लास्टिक कट्टों को छुपाकर रखा था। कैंटर से 274 किलो 730 ग्राम डोडा/चुरापोस्त बरामद हुआ था।
पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि रोहतक निवासी हरजीत राजस्थान व मध्य प्रदेश से मादक पदार्थ तस्करी कर हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश व दिल्ली में सप्लाई करता है। हरदीप ने स्वराज माजदा कैंटर में मादक पदार्थ लोढ कर पट्टीकल्याणा के पास जीटी रोड किनारे स्थित पहलवान ढाबा परिसर में पीछे की तरफ खड़ा किया है।

प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि केंटर व बरामद चुरापोस्त को कब्जा पुलिस में लेकर थाना समालखा में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई थी। पुलिस टीम ने 14 अक्तूबर को आरोपी हरजीत उर्फ हरदीप को गिरफ्तार किया और माननीय न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ की। आरोपी हरजीत ने पूछताछ में पुलिस को बताया उसको पंजाब निवासी उसके एक जानकार ने 1 लाख रूपए केंटर का भाड़ा देने की बात कहकर राजस्थान से चुरापोस्त लाने के लिए कहा था।
जानकार के कहने पर उसने अपने ड्राइवर को कैंटर देकर माल लाने के राजस्थान भेज दिया। वहा एक होटल पर उसके जानकार ड्राइवर से खाली कैंटर ले गए और दो तीन घंटों में उसमे चुरा पोस्त लोढ़ कर वापिस दे गए। ड्राइवर उसके कहे अनुसार कैंटर को समालखा लेकर आया और पहलवान ढाबा पर खड़ा दिया। पुलिस ने ढाबे पर चुरा पोस्त से भरे खड़े कैंटर को पकड़ लिया।

प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी हरदीप ने पुलिस को बताया उसने पुलिस पकड़ से बचने के लिए कैंटर की गांव दुजाना झज्जर निवासी ऋषिराज से 20 हजार रूपए में फर्जी आरसी बनवाई थी।
पुलिस ने शुक्रवार शाम को आरोपी ऋषिराज को गिरफ्तार किया। आरोपी ऋषिराज ने पूछताछ में फर्जी आरसी नूह के गांव उंटक निवासी जुनैद से 10 हजार रूपए में बनवाकर हरदीप को 20 हजार रूपए में देने बारे स्वीकारा। पुलिस ने शुक्रवार देर शाम आरोपी जुनैद को नूहं से गिरफ्तार किया।

प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि पुलिस ने शनिवार को आरोपी जुनैद व ऋषिराज को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से ऋषिराज को 2 दिन व जुनैद को 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही फर्जी आरसी तैयार करने में प्रयुक्त उपकरण बरामद करने का प्रयास करेगी।
आरोपी हरदीप को रविवार को रिमांड अवधी पूरी होने पर माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। नशा तस्करी में शामिल फरार आरोपियों को भी जल्द ही काबू कर लिया जाएगा।

Comments