वेस्ट कारोबारी पर गंडासी से जानलेवा हमला करने के दो आरोपी गिरफ्तार
BOL PANIPAT , 08 मार्च : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के नेतृत्व में सीआईए वन पुलिस टीम ने विकास नगर में वेस्ट कारोबारी पर गंडासी से जानलेवा हमला करने के दो आरोपियों को शनिवार शाम को विकास नगर रेलवे लाईन अंडर पास के नजदीक से काबू किया। आरोपियों की पहचान चमारियां रोहतक हाल विकास नगर निवासी राहुल तथा सिवाह हाल विकास नगर निवासी लवी के रूप में हुई है।
सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में निर्मला पत्नी रामनिवास निवासी शामड़ी सोनीपत हाल विकास नगर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था की उसके दो बेटे है। छोटे बेटे मनीष ने घर के नजदीक वेस्ट कपड़ों का गोदाम कर रखा है। 3 मार्च को शाम करीब 5:30 बजे मनीष गोदाम के गेट पर खड़ा था। तभी राहुल, साहिल, लवी व इनके अन्य कई साथी वहा आए और पुरानी रंजिश रखते हुए इन सभी ने मिलकर मनीष को जान से मारने के लिए गंडासियों से हमला कर दिया। उसने व पड़ोसियों ने आकर मनीष को आरोपियों से बचाया। सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। वे मनीष को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने मनीष की गंभीर हालत को देखते हुए रोहतक पीजीआई के लिए रेफर कर दिया। उन्होंने मनीष को इलाज के लिए प्रेम हॉस्पिटल में भर्ती कराया। थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में निर्मला की शिकायत पर बीएनएस की धारा 118, 110, 351(3), 3(5) के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।
प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि उक्त वारदात की सूचना मिलते ही थाना औद्योगिक सेक्टर 29 पुलिस के साथ ही सीआईए की टीमें मौके पर पहुंची थी। पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए वन टीम को आरोपियों की धरपकड़ की जिम्मेदारी सौंपी थी। सीआईए वन की टीम आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। पुलिस टीम ने शनिवार शाम को मिली गुप्त सूचना पर दबिश देकर आरोपी राहुल व लवी को विकास नगर रेलवे लाईन अंडर पास के नजदीक से काबू किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों मामले में नामजद फरार अपने साथी आरोपी साहिल के साथ मिलकर मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकारा।
पूछताछ में आरोपी राहुल ने पुलिस को बताया वर्ष 2025 में मनीष ने उसके साथ मारपीट की थी। मामले में कॉलोनी के लोगों ने समझौता करवा दिया था। मनीष अब कॉलोनी में लोगों को मारपीट की बातें बताकर उसका मजाक उड़ाता था। उसने इसी बात की रंजिश रखते हुए अपने साथी साहिल व लवी के साथ मिलकर 3 मार्च को कॉलोनी में मनीष पर गंडास से हमला कर चोट मारी।
पुलिस ने रविवार को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त गंडास व बाइक बरामद करने व फरार आरोपी साहिल के ठिकानों का पता लगा पकड़ने का प्रयास करेगी।

Comments