बुजुर्ग को शराब पिलाकर नकदी, मोबाइल फोन व सोने की बालियां चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
BOL PANIPAT , 20 अगस्त : सीआईए थ्री पुलिस ने टोल प्लाजा के पास गांव अजीजुल्लापुर निवासी बुजुर्ग को शराब पिलाकर उसकी जेब से मोबाइल फोन, 40 हजार रूपए की नकदी व कानों से सोने की बालियां चोरी करने वाले दो आरोपियों को बुधवार शाम को फरीदपुर अंडर पास से नजदीक से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान फरीदपुर निवासी राहुल उर्फ डुग्गी व हर्ष उर्फ पीलू के रूप में हुई है।

सीआईए थ्री प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि थाना सेक्टर 13/17 में गांव अजीजुल्लापुर निवासी विकास पुत्र रोशन लाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उनके दादा मामू राम 1 अगस्त को काबड़ी रोड स्थित भारत नगर में रिश्तेदारी में गए थे। शाम करीब 4 बजे घर लौटने के लिए निकले और लाल बत्ती चौक से ई रिक्शा में बैठकर टोल प्लाजा पहुंचे। टोल प्लाजा के पास दो अज्ञात व्यक्ति उसके दादा को सुनसान जगह पर ले गए और कुछ सुंघा दिया जिससे वह बेहोश हो गए। आरोपी उनकी जेब से 40 हजार रूपए, मोबाइल फोन और कानों में पहनी सोने की बाली निकालकर ले गए। थाना सेक्टर 13/17 में विकास की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।
प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि बुधवार शाम को सीआईए थ्री पुलिस टीम को आरोपियों के फरीदपुर अंडर पास के पास होने बारे गुप्त सूचना मिली। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बुजुर्ग के साथ वारदात करना स्वीकार किया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया उन्होंने पहले बुजुर्ग को शराब पिलाई। नशा होने के बाद उसकी जेब से 40 हजार रुपए और मोबाइल फोन निकाल लिया। इसके बाद कानों से बालियां उतारकर दोनों मौके से फरार हो गए।
आरोपियों ने पुछताछ में पुलिस को बताया उन्होंने बालियां नकली समझकर फेंक दी थी और चोरी की राशि आपस में बांट ली। आरोपी हर्ष ने 35 हजार रुपए अपने पास रखे और 5 हजार रुपए व मोबाइल फोन राहुल को दे दिया। आरोपी हर्ष ने ज्यादातर पैसे खर्च कर दिए। पुलिस ने आरोपी हर्ष के कब्जे से चोरी की रकम में से बचे 2 हजार रुपए और राहुल के कब्जे से मोबाइल फोन बरामद कर वीरवार को पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Comments