खराद की दुकान में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार. चोरीशुदा कटर मशीन व वारदात में प्रयुक्त कार बरामद.
-वारदात में शामिल इनके एक साथी आरोपी की दुकान में चोरी करते समय करंट लगने से हो गई मौत
BOL PANIPAT : 05 जुलाई 2024, थाना मतलौडा पुलिस ने मतलौडा से असंध रोड पर स्थित खराद की एक दुकान में चोरी करने वाले दो आरोपियों को वीरवार देर शाम गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान अजय व प्रिंस निवासी दतौली सोनीपत के रूप में हुई।
वारदात में शामिल इनके एक साथी आरोपी की करंट लगने से मौत हो गई
थाना मतलौडा प्रभारी इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया वारदात में शामिल उनके साथी आरोपी संदीप 30 की दुकान से चोरी करते समय करंट लगने से मौत हो गई। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया वह दोनों गावं निवासी अपने दोस्त संदीप के साथ 3 जुलाई की देर शाम उसकी स्वीफट कार में सवार होकर गांव से हरिद्वार जाने के लिए निकले थे। तीनों के पास खर्चे के प्रयाप्त पैसे नही थे।
पानीपत पहुंचने पर उन्होंने कार को मतलौडा की तरफ मोड़ लिया और रास्तें में तीनों ने मिलकर चोरी की साजिश रची। मतलौडा से सफीदों रोड पर थोड़ा सा निकलते ही एक बंद दुकान दिखाई दी तो संदीप ने कार को दुकान के बाहर रोक दिया और नीचे उतर गया। वह और प्रिंस कार में ही बैठे रहे।
संदीप ने दुकान का ताला तोड़ा और दुकान से एक कटर मशीन चोरी कर बाहर आया। चोरीशुदा मशीन को कार की डिग्गी में रखकर संदीप फिर से चोरी करने के लिए दुकान के अंदर घुस गया और शटर को नीचे कर लिया। कुछ देर बाद अंदर से संदीप की चीख सुनाई दी। वह दोनों गाड़ी से उतरकर दुकान के अंदर गए तो संदीप बेसुध हालत में पड़ा था। उसके पास एक बिजली की तार पड़ी थी।
वह दोनों संदीप को बेसुध हालत में पार्क हस्पताल लेकर गए जहा डॉक्टर ने गाड़ी के अंदर ही चैक कर इलाज के लिए सिविल अस्पताल लेकर जाने के लिए कहा। वहा से सिविल अस्पताल लेकर गए तो डॉक्टर ने जांच के बाद संदीप को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर ने संदीप के परिजनों को लाने के लिए कहा तो वह दोनों संदीप के शव को सिविल अस्पताल के इमरजैंसी वार्ड में छोड़कर गाड़ी लेकर वहा से निकल गए।
चोरी की उक्त वारदात बारे थाना मतलौडा में अभियोग दर्ज है
इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि थाना मतलौडा में अंतराम पुत्र नौरंग निवासी दरियापुर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसने मतलौडा से अंसध रोड पर आटा मशीन के पास खराद की दुकान की हुई है। वह 3 जुलाई की देर शाम दुकान को बंद कर घर चला गया था। सुबह दुकान पर आया तो ताला टुटा हुआ था। दुकान खोलकर देखा पाइप कटर मशीन नही मिली। अज्ञात चोर रात के समय दुकान का ताला तोड़कर कटर मशीन चोरी कर ले गए। अंतराम की शिकायत पर थाना मतलौडा में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की पहचान व धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।
इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कार व चोरी की गई कटर मशीन बरामद कर पूछताछ के बाद शुक्रवार को दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।

Comments