Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


अंडर एज व बगैर रजिस्ट्रेशन स्टीकर के ई रिक्शा व ऑटो न चलाए: एसपी लोकेंद्र सिंह.

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at October 25, 2024 Tags: , , , , ,

-यातायात नियमों की उल्लंघना करने पर होगी कार्रवाई : एसपी लोकेंद्र सिंह.

BOL PANIPAT : 25 अक्तूबर 2024, पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने व सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर शुक्रवार को यातायात उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार सैनी के साथ शहर की विभिन्न ऑटो व ई रिक्शा युनियन के प्रधानों की जिला सचिवालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में बैठक लेकर यातायात व सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान ऑटो व ई रिक्शा युनियन प्रधानों की वेल्फेयर से संबधित समस्याएं भी सुनकर ज्यादातर का मौके पर ही समाधान किया गया।

पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने कहा कि शहर में अंडर ऐज व बगैर रजिस्ट्रेशन स्टीकर के कोई भी ई रिक्शा व ऑटो न चलाए। पानीपत पुलिस आमजन को सुरक्षित माहौल देने के लिए भरसक प्रयासरत है। जिला में ऑटो व ई रिक्शा चालकों का रजिस्ट्रेशन कर चार अंक का युनिक कोड युक्त स्टीकर लगाया गया है। 4277 ई रिक्शा व 3284 ऑटो चालकों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था। जिला में ऑटो व ई रिक्शा की पहचान युनिक कोड नंबर से है। इससे ऑटो व ई रिक्शा में अपराध होने की स्थिति में अब आरोपी को आसानी से पकड़ा जा सकता है। इसका मुख्य उद्देश्य अपराध को रोकना व महिलाओं में सुरक्षा की भावना पैदा करना है।
सभी ऑटो व ई रिक्शा चालक यातायात के सभी नियमों का पालन कर यातायात पुलिस का सहयोग करें। ऑटो व ई रिक्शा चालकों की नेम प्लेट के साथ ग्रे रंग की ड्रेस है। चालक ड्रेस पहनकर ही ऑटो व ई रिक्शा चलाए। उची आवाज में म्युजिक सिस्टम को न बजाए।

उन्होंने कहा कि ऑटो व ई रिक्शा चालकों की लापरवाही की वजह से रोड पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। ऑटो ई रिक्शा चालक बीच सड़क ऑटो व ई रिक्शा को खड़ा करके सवारियों का इंतजार करने लगते हैं जिससे उनके पीछे आ रहे वाहन रुक जाते हैं और जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। चौक पर ऑटो व ई रिक्शा को खड़ा न करें आगे पीछे कर सवारियों को उतारे व चढाए। ऐसे बीच रास्ते पर वाहन खड़ा करके यात्रियों के लिए दुविधा उत्पन्न न करें। ऑटो व ई रिक्शा चालक सवारी देखते ही एकदम से ब्रेक लगा देते हैं। वह एकदम से ब्रेक न लगाएं क्योंकि कई बार ऑटो के पीछे चल रहे वाहन इस वजह से दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। इसलिए ऑटो संचालक इस बात का ध्यान रखें कि वह सही दिशा में ऑटो खड़ा करने के पश्चात ही सवारी बैठाएं। सभी ऑटो व ई रिक्शा चालक अपने वाहन के कागजात व रजिस्ट्रेशन पूरा रखें अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही ऑटो ई रिक्शा चालकों को हिदायत दी गई कि वह शराब पीकर व अन्य किसी प्रकार का नशा करके ऑटो न चलाएं तथा सवारियों के साथ सभ्य व्यवहार करें तथा कम उम्र के बच्चे ऑटो व ई रिक्शा न चलाएं। यातायात नियमों की उल्लंघना करते पाए जाने वाहन को जब्त करने अतिरिक्त चालान भी किया जाएगा। इसके अतिरिक्त अब पोस्टल चालन भी किए जाएगे। ऑटो व ई रिक्शा युनियन प्रधानों ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ बनाने में जिला यातायात पुलिस को सहयोग करने का आश्वासन दिया।

बैठक में बाबरपुर ट्रैफिक थाना प्रभारी इंस्पेक्टर वेदपाल, शहर यातायात ईस्ट जोन इंचार्ज सब इंस्पेक्टर राजेश, वेस्ट जोन इंचार्ज सब इंस्पेक्टर रणबीर व जिला की विभिन्न ऑटो व ई रिक्शा युनियन के प्रधान मौजूद रहे।

Comments