जिले में रसोई गैस की कोई कमी नहीं, अफवाहों से बचें: उपायुक्त डॉ वीरेन्द्र कुमार दहिया
-हर परिवार को समय पर मिल रही है एलपीजी गैस, आम नागरिक जमाखोरी न करें
-कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई, सप्लाई पूरी तरह सुचारु
BOL PANIPAT , 20 मार्च। जिले में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है। गैस की आपूर्ति पूरी तरह सुचारु है और किसी भी प्रकार की किल्लत नहीं है। उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने आमजन से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें और आवश्यकता अनुसार ही गैस सिलेंडर लें।
उपायुक्त डॉ. दहिया ने कहा कि जिले में प्रत्येक परिवार को नियमानुसार 25 दिन के अंतराल के बाद नियमिति रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा गैस एजेंसियों के माध्यम से नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में सिलेंडर बुक व डिलीवर किए जा रहे हैं।
उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया ने कहा, कि जिले में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है। सभी नागरिक संयम बरतें और केवल जरूरत के अनुसार ही गैस लें। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति या एजेंसी गैस की जमाखोरी या अवैध बिक्री में संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया ने कहा कि जिला प्रशासन पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य कर रहा है और गैस आपूर्ति से संबंधित सभी आंकड़े नियमित रूप से साँझा किए जा रहे हैं। उपायुक्त डॉ दहिया ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि वे प्रशासन के साथ मिलकर व्यवस्था को सुचारु बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाह या गलत जानकारी को आगे न बढ़ाएं।

Comments