दंपत्ति को ऑस्ट्रेलिया भेजने का झांसा देकर 16 लाख रुपए की ठगी करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाई उरलाना चौकी पुलिस टीम
BOL PANIPAT:18 जून 2023 , गांव उरलाना खुर्द निवासी दंपत्ति को आस्ट्रेलिया भेजने का झांसा देकर 16 लाख रूपए की ठगी करने वाले गिरोह के दो आरोपी सुरजीत व गुरप्रीत निवासी तलवंडी सलेम जालंधर पंजाब को उरलाना चौकी पुलिस टीम ने शनिवार को पानीपत जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर माननीय न्यायालय में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया।
थाना मतलौडा प्रभारी ट्रेनी आईपीएस मनप्रीत सूदन ने बताया की गांव उरलाना खुर्द निवासी कुलदीप पुत्र गुरनाम सिंह ने पुलिस अधीक्षक श्री अजीत सिंह शेखावत को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत देकर बताया था कि जीन्द के रोहड़ गांव का बलिहार पुत्र गुरचरण गांव उरलाना खुर्द में रहता है। बलिहार ने उसको बताया कि उसके जानकार सुजीत पुत्र रिछपाल, अमरीक पुत्र ऋषिपाल व उसका छोटा भाई निवासी तलवंडी सलेम जालंधर पंजाब पासपोर्ट बनवाकर वीजा लगवाते है। वह उसको व उसकी पत्नी को आस्ट्रेलिया भेज देगा, जिसमें 10 लाख रूपए का खर्चा आएगा। वहा जाकर डालर में मोटी कमाई होगी। उसकी खेती में ज्यादा कमाई नही थी तो उसने बलिहार की बातों पर विश्वास करके हां कर दी। इसके बाद नवम्बर 2022 में बलिहार ने फोन पर सुरजीत, अमरीक व उसके छोटे भाई से आस्ट्रेलिया भेजने बारे बात करवाई। उसने उनकी बातों पर विश्वास कर लिया। बलिहार ने दिसम्बर 2022 तक अपने खाते में उससे 10 लाख रूपए ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद टिकट महंगी व खर्चा ज्यादा होने का बहाना बनाकर 7.50 लाख रूपए और खाते में आनलाईन ट्रांसफर करवा लिए। आस्ट्रेलिया जाने का समय आया तो पता चला आरोपियों ने जो वीजा दिया है वह फर्जी है। 14 फरवरी 2023 के बाद आरोपियों ने आस्ट्रेलिया की बजाय कनाडा जाने का वीजा दिया। वह भी फर्जी मिला।इसके बाद उसने आरोपियों से अपने पैसे वापिस मांगे तो उसकों 1.50 लाख रूपए वापिस कर दिए। बाकी पैसे वापिस मांगे तो पहले समय देते रहे बाद में जान से मारने की धमकी देने लगे। आरोपियों उससे विदेश भेजने के नाम पर 16 लाख की ठगी कर ली। शिकायत पर थाना मतलौडा में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई थी।
ट्रेनी आईपीएस मनप्रीत सूदन ने बताया कि आरोपी सुरजीत व गुरप्रीत को थाना मतलौडा पुलिस में दर्ज इसी प्रकार की ठगी के एक अन्य मामले में गत दिनों गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद माननीय न्यायालय में पेश कर जेल भेजा था। उरलाना खुर्द निवासी कुलदीप के साथ की ठगी के मामले में थाना मतलौडा की उरलाना चौकी पुलिस टीम ने शनिवार को दोनों आरोपियों को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए तीन दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया।

Comments