वर्क फ्रॉम होम ऑनलाइन जॉब का फ्रॉड । पानीपत का युवक हुआ साइबर ठगी का शिकार। 17 लाख की ठगी होने की शिकायत दी।
-पहले टास्क देकर लिंक क्लिक करने के बदले दिए पैसे। फिर मोटा पैसा कमाने की बात कर युवक से ठगे 17 लाख रुपये।
BOL PANIPAT : पानीपत के सेक्टर 11 के रहने वाला एक युवक साइबर ठगों का शिकार हो गया। ठगों ने युवक को ऑनलाइन काम देने का झांसा दिया। उसको टास्क देकर रुपए लगवा लिए और मुनाफा भी नहीं हुआ। कुल 17 लाख की ठगी करने के बाद ठगों ने उससे संपर्क तोड़ दिया। पुलिस ने शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में जतिन ने बताया कि वह सेक्टर 11 का रहने वाला है। 10 फरवरी को उसके फोन पर एक वॉट्सऐप पर एक मैसेज आया। मैसेज में लिखा था कि मेरा नाम मीरा शर्मा और नैक्सोप डिजिटल मार्केटिंग एजेंसी में बतौर एचआर मैनेजर कार्यरत हूं। उसने उसे जॉब का ऑफर दिया। उसने अनेक मैसेज भेजकर कहा कि उनकी कंपनी ऑनलाइन घर बैठे काफी पैसे कमाने का मौका देती है। आप भी जुड़कर रुपए कमा सकते हैं। जिसके लिए लिंक भेज रहे हैं, सभी हिदायतों का पालन करना होगा। लिंक पर क्लिक कर सिर्फ लाइक करना होगा। इसके बाद ठग ने उसे लिंक भेजने शुरू कर दिए। उनके कहे अनुसार वह क्लिक कर लाइक करता रहा। उनकी हिदायतों के अनुसार उनके पास 150 रुपए से शुरू होकर 8 हजार के लगभग रुपए उसके पास क्रेडिट हुए तो उसका विश्वास बन गया। इसके बाद एक अन्य ठग ने उसे खुद को रीसैप्शनिस्ट बताते हुए टेलीग्राम आइडी भेजी। जिस पर सैलरी कोड था। लिंक पर क्लिक करने पर उसके खाते में 50 से 200 रुपए के टास्क क्रेडिट उसके खाते में आने लगे। इसके बाद ठगों ने कहा कि कुछ टास्क प्रीपेड टास्क हैं, जिन्हें खरीदना होगा। ठगों ने उससे रुपए लगवाने शुरू कर दिए। लगातार झांसा देकर उसे अलग-अलग तरीके से खातों में कुल 17 लाख रुपए डलवा लिए। रुपए वापस बड़े मुनाफे के साथ होंगे, आरोपी बार-बार ये ही बात कहते रहे। लेकिन, न ही रुपए वापस मिले और न ठगों ने दोबारा संपर्क किया।

Comments