चिकित्सा शिविर में 426 मरीजों ने लिया लाभ
BOL PANIPAT , 21 सितंबर। राष्ट्रीय पोषण माह के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग व आयुष विभाग के सहयोग से जिला स्तरीय नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन बुधवार को जग जीवन राम कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में किया गया। शिविर में 202 मरीजों ने आयुर्वेदिक, 174 मरीजों ने होम्योपैथीक तथा 50 मरीजों ने योग का लाभ लिया। शिविर में फार्मासिस्ट सुरेश कुमारी व पूजा ने मरीजों को आयुर्वेदिक तथा होम्योपैथिक दवाईयां उपलब्ध कराई।
शिविर में आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर रेखा चोपड़ा तथा होमियोपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर प्राची ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं, किशोर बच्चों तथा बुजुर्गो की जांच के साथ साथ शिविर मे आने वाले अन्य सभी मरीजों के रोगों की जांच की। शिविर में आंगनवाड़ी वर्करों व सहायकों को भी आयुष के बारे मे विस्तार से जानकारी दी गई।
शिविर में योग सहायक अमित कुमार ने गर्भवती महिलाओं को ऐसे आसन तथा योग करवाए जिनसे नार्मल डिलीवरी होने की संभावना बढ़ जाती है। इस मौके पर आंगनवाड़ी सुपरवाइजर सरोज ने न्यूट्रीशन मे प्रोटीन, विटामिन तथा लौह तत्व की विशेषता पर जानकारी दी। इस मौके पर जिला पोषण अभियान संयोजक डॉक्टर श्रेया मिड्ढा, ऋतु शर्मा प्रोजेक्ट सहायक के द्वारा दो महिलाओं की गोदे भराई करते हुए उन्हें समझाया गया कि गर्भावस्था के दौरान वे कभी भी खाली पेट ना रहे और हर 2 घंटे मे कुछ ना कुछ खाती रहे।
इस मौके पर आंगनवाड़ी वर्कर तथा हैल्पर ने नुक्कड़ नाटक का मंचन किया और पोषण का संदेश जन जन तक पहुंचाया। नाटक के माध्यम से बताया गया की वे गर्भावस्था के दौरान सिविल हस्पताल में अपना रजिस्ट्रेशन पहले महीने मे ही करा ले ताकि उनको किसी परकार की असुविधा ना हो।
शिविर में जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉक्टर सतपाल ने कहा की पोषण के लिए लगने वाले शिविरों के माध्यम से हमारा लक्ष्य आयुर्वेद को हर घर में ले जाना है ताकि हर एक व्यक्ति को पारंपरिक चिकित्सा पद्धति से अवगत कराया जा सके।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिपाल बंसल ने जिला स्तरीय शिविर का निरीक्षण करते हुए कहा की बढ़ते प्रदूषण के कारण मनुष्य की सूक्ष्म जीवाणु रोधक क्षमता तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता घट रही है। ऐसे समय मे एक मात्र उपाय यही है कि योग प्राणायाम, आयुर्वेद के माध्यम के साथ साथ सही पोषण को अपनाते हुए लोगो की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाया जाए। उन्होंने बताया कि हरियाणा आयुष विभाग की और से हरियाणा के सभी जिलों में इस प्रकार के नि:शुल्क पोषण शिविर लगाए जा रहे है। इस मौके पर नीलम अग्रवाल, ऊषा गुप्ता, उर्वशी गोयल मुख्य रूप से उपस्थित रही। शिविर में माही फाउंडेशन की तरफ से पलक गोयल ने सैनिटरी पैड वितरित किए।

Comments