जिला सचिवालय में आयोजित हुए समाधान शिविर में आई 72 शिकायतें।
BOL PANIPAT , 28 जुलाई। सोमवार को जिला सचिवालय के द्वितीय तल के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समाधान शिविर में आई शिकायतों पर ध्यान केंद्रित करें। लोगों की परेशानियों को दूर करने के लिए समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसलिए सभी अधिकारी गम्भीरता के साथ इन समस्याओं को दूर करने का प्रयास करें। समाधान शिविर में आई एक-एक शिकायत के प्रति व्यक्तिगत रूचि लें ताकि पात्र लोगों को योजनाओं व सुविधाओं का लाभ दिया जा सके।
सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में कुल 72 शिकायते प्राप्त हुई। उपायुक्त ने नागरिकों की शिकायतों की सुनवाई करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करें। उन्होंने समाधान शिविर में राजस्व विभाग, विकास एवं पंचायत, पुलिस, नगर निगम, जनस्वास्थ्य, कॉमन सर्विस सेंटर, परिवार पहचान पत्र इत्यादि से संबंधित शिकायतों की सुनवाई के दौरान संबंधित अधिकारियों को मौके पर निपटारे के निर्देश दिए।
समाधान शिविर में प्रार्थी जवाहरलाल वासी सैक्टर 24 ने बुढापा पैंशन बनवाने को लेकर प्रशासन से अनुरोध किया। उपायुक्त ने सम्बंधित विभाग को पैंशन बनाने के निर्देश दिए। प्रार्थी नीरज देवी वासी गांव रैरकलां ने दीन दयाय उपाध्याय अंत्योदय योजना का लाभ लेने के लिए अनुरोध किया जिस पर उपायुक्त ने जांच कर प्रार्थी को लाभ देने के निर्देश दिए। प्रार्थी संजीत कुमार सिंह ने अपने राशनकार्ड में पत्नी व बच्चों का नाम जुड़वाने को लेकर प्रार्थना पत्र दिया जिस पर उपायुक्त ने सम्बंधित विभाग को जांच के आदेश दिए। प्राथी नरेन्द्र कुमार वासी छिछड़ाना ने वार्ड 11 की मैन गली में सफाई कर्मचारी द्वारा सफाई ना करने को लेकर प्रार्थना पत्र दिया। जिस पर उपायुक्त ने निगम के अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए।
प्रार्थी श्यामलाल ने अपने परिवार पहचान पत्र में इनकम ज्यादा होने की वजह से उसको कम करवाने क ेलिए प्रार्थना पत्र दिया। जिस पर उपायुक्त ने क्रिड विभाग के अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए। प्रार्थी सुशील कुमार ने अपने परिवार पहचान पत्र से बिजली का मीटर हटवाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। वहीं पर एक अन्य प्रार्थी सुरेन्द्र वर्मा वासी भोला चौक ने अपनी आर्थिक स्थिति ठीक ना होने की वजह से अपना बिजली बिल माफी के लिए प्रार्थना पत्र दिया। उपायुक्त ने बिजली विभाग के अधिकारियों को जांच कर प्रार्थी को लाभ देने के निर्देश दिए। इस मौके पर निगम संयुक्त आयुक्त डॉ. संजय, नगराधीश टिनू पोशवाल व सम्बंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments