82 एनएसएस स्वयसेवकों को वर्ष 2022-23 की उपलब्धियों और योगदान के लिए किया गया सम्मानित
–एसडी पीजी कॉलेज पानीपत में 55वें राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस के अवसर पर सर्वश्रेष्ठ एनएसएस स्वयंसेवकों को कुरुक्षेत्र विश्वविधालय मेरिट सर्टिफिकेट्स और अवार्ड से नवाज़ा गया
–केयूके एनएसएस सर्टिफिकेट्स भविष्य में दाखिलों और नौकरी दिलाने में देते है विशेष मदद: तुलसी सिंगला
BOL PANIPAT , 25 सितम्बर.
एसडी पीजी कॉलेज पानीपत में 55वें राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस के अवसर पर सर्वश्रेष्ठ एनएसएस स्वयंसेवकों को वर्ष 2022-23 में हासिल की गई उपलब्धियों और योगदान के लिए कुरुक्षेत्र विश्वविधालय मेरिट सर्टिफिकेट्स और अवार्ड से सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कॉलेज गवर्निंग बॉडी के जनरल सेक्रेटरी तुलसी सिंगला और कोषाध्यक्ष विकुल बिंदल रहे. माननीय मेहमानों का स्वागत प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा, एनएसएस प्रभारी डॉ राकेश गर्ग और डॉ संतोष कुमारी ने किया. एनएसएस सांस्कृतिक स्टार का पुरस्कार साहिल को, सर्वश्रेष्ठ फोटोग्राफर का अवार्ड सूरज को, सक्रीय स्वयसेवक एवं लेखनी का पुरस्कार मोहम्मद जाहिद और सर्वश्रेष्ठ एनएसएस स्वयसेवक का अवार्ड सौरभ ने हासिल किया. इनके साथ परीक्षित, आकाश, रोहित, शशि, आर्यन सिंगला, गोल्डी और भारती को भी उनकी उत्कृष्ठ सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया. मनाली (हिमाचल प्रदेश) में आयोजित एडवेंचर कैंप के लिए शिल्पा एवं प्रतिमा को, कुरुक्षेत्र विश्वविधालय में आयोजित राष्ट्रीय एकीकरण कैंप के लिए ख़ुशी, अनुभव, अभय, ललित, शोभित एवं सौरभ को और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता के विजेताओं मोहित, काजल और अन्नू को सम्मानित किया गया. आज आयोजित समारोह में कुल 82 एनएसएस स्वयंसेवकों को केयूके मेरिट सर्टिफिकेट्स भेंटकर सम्मानित किया गया. ज्ञात रहे की एसडी पीजी कॉलेज एनएसएस यूनिटस ने 2022-23 के सत्र में सामाजिक और मानव हित के कई क्षत्रों में उल्लेखनीय कार्य किया. समाज और देश हित के कितने ही कार्यक्रम और गतिविधियाँ कॉलेज की दोनों यूनिट्स ने किये जिनमे गोद लिए गाँव में जाकर स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण अभियान, साक्षरता अभियान, स्वास्थ्य से जुड़े कार्यक्रम, नशा मुक्ति के अभियान आदि शामिल रहे. वृक्षारोपण करना तथा युवाओं को ट्रेफिक के नियमों के प्रति जागरूक बनाना जैसे कार्यों को भी एनएसएस यूनिटस ने कुशलता के साथ किया. कॉलेज एनएसएस यूनिट्स रक्तदान शिविर और स्वास्थ्य जांच कैम्पस के आयोजनों का हिस्सा रही है. गरीब और झुग्गी-झोपडी में रहने वाले बच्चों को शिक्षित करने का बीड़ा एनएसएस कार्यकर्ताओं ने कुशलता के साथ निभाया है. कुरुक्षेत्रविश्व विधालय द्वारा जारी इन सर्टिफिकेट्स को हासिल करने वाले एनएसएस कार्यकर्ताओं को भविष्य में दाखिलों और नौकरी पाने में विशेष लाभ मिलेगा. सांस्कृतिक गतिविधियों ने आज के कार्यक्रम में समां बाँधा.
तुलसी सिंगला जनरल सेक्रेटरी ने एनएसएस स्वयंसेवकों की उपलब्धियों पर ख़ुशी व्यक्त करते हुए कहा कि कॉलेज एनएसएस यूनिटस ने नियमित और विशेष कैंपिंग कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को सामूहिक रूप से समस्याओं का सामना करना सिखाया है. पर्यावरण संवर्धन एवं संरक्षण, स्वास्थ्य, गांवों की तस्वीर बदलनी हो या फिर सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाना हो हर कार्य में कॉलेज एनएसएस स्वयसेवकों ने बेमिसाल भूमिका निभाई है. समस्त एनएसएस स्वयंसेवक बधाई के पात्र है. कुरुक्षेत्रविश्व विधालय द्वारा जारी इन सर्टिफिकेट्स को हासिल करने वाले एनएसएस कार्यकर्ताओं को भविष्य में दाखिलों और नौकरी पाने में विशेष लाभ मिलेगा.
विकुल बिंदल कोषाध्यक्ष ने कहा कि एनएसएस के विद्यार्थीयों का कॉलेज में एक महत्वपूर्ण स्थान है. कार्यकर्ताओं को केवल मात्र सर्टिफिकेटस हासिल करने के लिए एनएसएस से नहीं जुड़ना चाहिए. विद्याथियों को चाहिए कि वे एनएसएस से जुड़कर इसके कैंपस और अन्य कार्यक्रमों में पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ भाग लें और समाज को बदलने में अपनी भूमिका का निर्वाह ईमानदारी के साथ करें. तभी उन्हें एनएसएस का लाभ सही अर्थों में मिल पायेगा.
प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने कहा कि एनएसएस भारत सरकार द्वारा प्रायोजित सार्वजनिक सेवा कार्यक्रम है जो युवा मामलों के मंत्रालय और भारत सरकार के खेल मंत्रालय द्वारा संचालित किया जाता है. एनएसएस में शामिल होकर विद्यार्थी समुदाय में काम करना, समुदाय की समस्याओं को जानना और उन्हें हल करना, सामाजिक और नागरिक जिम्मेदारी का बोध पाना, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता को महसूस करना सीख पाता है. एनएसएस जहाँ व्यक्तित्व को निखरता है वहीँ यह भविष्य में हमें रोजगार दिलाने में भी मददगार साबित होती है. कॉलेज एनएसएस स्वयंसेवकों की उपलब्धि बहुत बड़ी और सुखद है.
डॉ राकेश गर्ग प्रोग्राम ऑफिसर ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना राष्ट्र की युवाशक्ति के व्यक्तित्व विकास हेतु युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित एक सक्रिय कार्यक्रम है और इसकी गतिविधियों में भाग लेने वाले विद्यार्थी समाज के लोगों के साथ मिलकर समाज हित के कार्य करते है. एनएसएस कार्यकर्ताओं ने इसी दिशा में पूरे वर्ष कार्य किये है जिसका ईनाम उन्हें आज विश्वविधालय से मिला है.

Comments