Friday, May 15, 2026
Newspaper and Magzine


‘महामारी अलर्ट सुरक्षित हरियाणा की अवधि 15 फरवरी तक बढ़ी

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE HEALTH , at February 6, 2022 Tags: , , , , ,

जिले में अब पूरी क्षमता के साथ खुलेंगे सरकारी और निजी कार्यालय : डीसी

BOL PANIPAT , 6 फरवरी। राज्य सरकार ने ‘महामारी अलर्ट सुरक्षित हरियाणा की अवधि 15 फरवरी 2022 तक बढ़ा दी है। यह जानकारी जिला आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं उपायुक्त सुशील सारवान ने दी।

उन्होंने बताया कि महामारी अलर्ट के तहत सरकार की ओर से कोविड गाइडलाइन की पालना कराने के लिए निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जो व्यक्ति कोविड उपयुक्त व्यवहार संबंधी नियमों की पालना नहीं करेगा उसके खिलाफ महामारी अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं उपायुक्त सुशील सारवान ने हरियाणा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं मुख्य सचिव संजीव कौशल की ओर से जारी की गई नई कोरोना गाइडलाइन्स के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि नए निर्देशों के तहत जिला में सरकारी और निजी संस्थान अपनी पूरी क्षमता के साथ खुलेंगे।

100 से अधिक के कार्यक्रम के लिए अनुमति लेनी जरूरी

उपायुक्त ने बताया कि किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में 100 से अधिक लोगों के एकत्रित होने के लिए उपायुक्त कार्यालय से अनुमति लेनी होगी। सभी मनोरंजन पार्क और बिजनेस एग्जीबिशन 50 प्रतिशत क्षमता के साथ संचालित की जा सकेंगी।

टीकाकरण की अपील

उपायुक्त ने आमजन से कोविड टीकाकरण के तहत वैक्सीन की दोनों डोज लेने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से कोविड महामारी को खत्म करने के लिए कोविड वैक्सीन की दोनों डोज अवश्य लगवाने का आह्वान किया है। उल्लेखनीय है कि एक फरवरी से प्रदेश के 9 से 12वीं कक्षा तक सभी सरकारी और निजी स्कूलों को खोल दिया गया है। राज्य सरकार द्वारा जारी निर्देशों के तहत सरकारी और निजी दफ्तरों के साथ – साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के मानकों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

बचाव के लिए बरतें सावधानी

उपायुक्त सुशील सारवान ने कहा कि हालांकि जिला में कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर का प्रभाव अब धीरे-धीरे कम हो रहा है और हालात सुधर रहे हैं। जिला में एक तरफ जहां अब नए मामलों में गिरावट आई है, वहीं कोरोना से स्वस्थ होने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना अभी गया नहीं है, हमें अभी भी सावधानी बरतनी होगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं करनी। हमें फेस मास्क, हैंड सैनिटाइजर, दो गज की दूरी, भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचना आदि नियमों का प्रयोग करना है।

Comments