सूरजकुंड दिवाली मेला शुरू, देश-विदेश की कला और संस्कृति से रूबरू होने का सुनहरा अवसर: डीसी
BOL PANIPAT , 3 अक्टूबर। डीसी डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया ने कहा कि हरियाणा पर्यटन निगम द्वारा आयोजित सूरजकुंड दिवाली मेला विगत गुरुवार से शुरू हो गया है, जो आगामी 7 अक्टूबर तक फरीदाबाद के सूरजकुंड मेला ग्राउंड में आयोजित किया जा रहा है। मेले में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से आए शिल्पकार, कलाकार और उद्यमी अपनी कला और संस्कृति की झलक प्रस्तुत कर रहे हैं।
उपायुक्त ने कहा कि यह मेला लोगों को देश और प्रदेश की विविध कला, संस्कृति, हस्तशिल्प और परंपराओं से रूबरू कराने का एक बेहतरीन अवसर प्रदान करता है। मेले में लगभग काफी स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें हस्तशिल्प, गृह सजावट सामग्री, पारंपरिक परिधान, आभूषण, दीपावली की खरीदारी के लिए विशेष आइटम तथा विभिन्न राज्यों के स्वादिष्ट व्यंजन उपलब्ध हैं।
मेले में लोक नृत्य, संगीत प्रस्तुतियां, फैशन शो और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है, जिससे आने वाले दर्शक कला और मनोरंजन का अनोखा अनुभव प्राप्त करेंगे। उपायुक्त ने कहा कि दिवाली की खरीदारी और परिवार के साथ उत्सव का आनंद लेने के लिए यह मेला खास है।
मेले में आने वाले आगंतुकों के लिए व्यापक सुरक्षा और सुविधा की व्यवस्था की है। सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है। डीसी ने कहा कि यह मेला न केवल स्थानीय कलाकारों और कारीगरों के लिए मंच प्रदान करता है, बल्कि स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और ‘आत्मनिर्भर भारत’ की दिशा में योगदान देने का भी शानदार अवसर है।
डीसी डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया ने जिला वासियों से अपील की कि वे परिवार सहित सूरजकुंड दिवाली मेले में पहुंचे, खरीदारी करें, संस्कृति का आनंद लें और अपने बच्चों को भारत की समृद्ध कला एवं परंपराओं से अवगत कराएं। उपायुक्त ने कहा कि सूरजकुंड दिवाली मेला त्यौहारों की रौनक बढ़ाने के साथ-साथ कला, संस्कृति और हस्तशिल्प को नई ऊर्जा देने का काम करेगा।

Comments