Monday, April 27, 2026
Newspaper and Magzine


सीईओ जिला परिषद ने ली जल शक्ति अभियान की समीक्षा बैठक

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at August 12, 2022 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT , 12 अगस्त। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विवेक चौधरी ने जल शक्ति अभियान के तहत सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारियों के साथ जल शक्ति अभियान कार्यक्रम की समीक्षा बैठक की। सीईओ जिला परिषद विवेक चौधरी ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए जल शक्ति अभियान के तहत करवाई जा रही गतिविधियों को लेकर सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश भी दिए।
विवेक चौधरी ने कहा कि जल शक्ति संरक्षण केन्द्र व राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में एक है, जिसके तहत जल शक्ति अभियान चलाया गया है। यह अभियान आगामी नवम्बर माह तक चलेगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यो पर विभाग आपसी समन्वय बनाते हुए अभियान से जुड़े लक्ष्यों को निर्धारित समय में पूरा करें। जल संरक्षण के लिए पौधारोपण, तालाबों की सफाई, सोखते गढ्ढों सहित विभिन्न कार्यो का लक्ष्य दिया गया है। उन्होंने कहा कि जल शक्ति अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जन जागरण अभियान, प्रभात फेरी, नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को जल संरक्षण के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और कार्यो का परिणाम लाभ के रूप में धरातल स्तर दिखाई देना चाहिए।

उन्होंने पंचायत विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि गांव में पंचायतों से सम्बंधित प्रतिनिधियों का सहयोग लेकर ज्यादा से ज्यादा पौधारोपण करवाएं। इसी कड़ी में शिक्षा विभाग विद्यार्थियों के सहयोग से स्कूल परिसरों में भी ज्यादा से ज्यादा पौधारोपण करवाएं। इसके लिए वे वन विभाग की नर्सरियों से तालमेल रखें ताकि आवश्यकता अनुसार उन्हें पौधे उपलब्ध करवाए जा सकें। उन्होंने कहा कि जिला के गांव में सोखता गढ्ढे बनवाने के कार्य को जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि बारिश के पानी को व्यर्थ बहने से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि कैच द रैन कार्यक्रम के तहत बारिश के इस मौसम में कार्य करने का यह सही समय है। इस अवसर पर अतिरिक्त सीईओ जिला परिषद रविन्द्र मलिक, बीडीपीओ पूनम चंदा व जितेन्द्र शर्मा, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता सुरेश सैनी, जनस्वास्थ्य एवं जल आपूर्ति विभाग के कार्यकारी अभियंता राजेश कौशिक, नगर निगम के कार्यकारी अभियंता नवीन कुमार, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एसडीओ अजय अहलावत सहित सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments