Tuesday, May 26, 2026
Newspaper and Magzine


मुख्य सचिव ने अवैध खनन करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्यवाही करने के दिए निर्देश

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at August 31, 2022 Tags: , , , ,

-संबंधित विभाग करें लगातार पैट्रोलिंग
-जिला टास्क फोर्स की बैठक नियमित रूप से करें अधिकारी- संजीव कौशल

BOL PANIPAT , 31 अगस्त। हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल ने राज्य के सभी उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को अवैध खनन करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने खनन विभाग के अधिकारियों को अवैध खनन स्थलों का व्यक्तिगत रूप से दौरा करके रिपोर्ट भेजने के निर्देश भी दिए। मुख्य सचिव बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य में अवैध खनन की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
मुख्य सचिव संजीव कौशल ने उपायुक्तों को निर्देश देते हुए कहा कि अवैध खनन एवं पर्यावरण से संबंधित जारी हिदायतों की पालना सुनिश्चित की जाए। अवैध माईनिंग को रोकने के लिए अधिकारी एक्शन प्लान तैयार करें और उसे धरातल पर सख्ती से लागू करें। इसके अलावा, अवैध खनन वाले इलाकों में समीक्षा करने के लिए व्यक्तिगत रूप से स्थल का दौरा करें और अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करें। पुलिस पैट्रोलिंग की गश्त को भी बढ़ाएं।

उन्होंने कहा कि अवैध माइनिंग पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाया जाए तथा जो भी व्यक्ति इसमें संलिप्त पाया जाता है, उसके विरूद्ध निर्धारित मापदंडों के अनुसार कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जाए। अधिकारी जिला टास्क फोर्स की बैठक नियमित रूप से करने के साथ-साथ माइनिंग क्षेत्रों का समय-समय पर निरीक्षण करें।
       मुख्य सचिव ने पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए कि वे अवैध खनन के संबंध में पहले से दर्ज मामलों में भी कार्यवाही को गति दें और न्यायालयों में विचाराधीन मामलों में ठोस पैरवी करें।
उन्होंने कहा कि सभी जिलों में अवैध खनन के नियंत्रण के लिए पुख्ता इंतज़ाम करना सुनिश्चित करें। अवैध खनन वाले क्षेत्र में 24 घंटे कर्मचारियों की तैनाती की जाए। गंभीर एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी के लिए गांव स्तर पर ग्राम सचिव एवं पटवारियों की तैनाती की जाए।
वीडियो कांफ्रेंस के उपरान्त उपायुक्त सुशील सारवान ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिला की सीमा में किसी भी जगह अवैध खनन की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई करें। इस अवसर पर एसडीएम विजेन्दर सिंह ढूल, एसडीएम समालखा अश्वनी मलिक, डीएसपी ओम प्रकाश, बीडीपीओ रामफल,जिला वन अधिकारी जय कुमार सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी तथा कर्मचारी मौजूद रहे।

Comments