सांसद संजय भाटिया ने बैंक अधिकारियों की ली बैठक. कहा सभी बैंक योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए करें गम्भीरता से काम
BOL PANIPAT , 2 मार्च। करनाल लोकसभा सांसद संजय भाटिया ने बुधवार को लघु सचिवालय के प्रथम तल सभागार में मुख्यमंत्री परिवार उत्थान योजना को लेकर जिला के विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें स्पष्ट तौर पर कहा कि यदि बैंकों को इन योजनाओं को आगे बढ़ाने में सरकार या वित्त मंत्रालय की ओर से कोई समस्या आ रही है तो वे उनके संज्ञान में जरूर लाएं ताकि उन समस्याओं का समाधान निकाला जा सके।
उन्होंने कहा कि इन योजनाओं को चलाने का मुख्य उद्ेश्य गरीब परिवारों के जीवन का उत्थान करना है ताकि उनका जीवन बेहतर बनाया जा सके। उन्होंने सभी बैंक प्रतिनिधियों से कहा कि इस योजना को आगे बढ़ाने और इस कार्य की नींव को मजबूत करने के लिए गम्भीरता से इन केसों को निपटाएं।
सिविल सोसायटी और बैंक प्रतिनिधि मिलकर करेंगे आए हुए आवेदनों का निपटान:
सांसद संजय भाटिया ने कहा कि सभी बैंक कर्मियों के साथ सिविल सोसायटी के लोग सहायता के लिए लगाए जाएंगे ताकि जो आवेदन स्वरोजगार स्थापित करने के लिए प्राप्त होते हैं उनकी सभी औपचारिकताएं त्वरित रूप से पूरी हों। संजय भाटिया ने कहा कि पहली बार सभी बैंक अधिकारियों से उनका संवाद हो रहा है इसलिए आगे से योजनाओं को लागू करने में गम्भीरता दिखाएं। सरकार व प्रशासन की तरफ से बैंकों को सौ प्रतिशत स्पॉट मिलेगी।
नॉन परफॉर्मिंग बैंकों की तैयार होगी लिस्ट:
डीसी सुशील सारवान ने सभी बैंक अधिकारियों को चेताया और एलडीएम को निर्देश दिए कि आगामी दो दिनों में नॉन परफॉर्मिंग बैंकों की लिस्ट तैयार करके दें क्योंकि जो बैंक इन योजनाओं को अंत्योदय की भावना से नही ले रहे हैं वे सीधे तौर पर गरीबों की आर्थिक स्वतंत्रता छीन रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम सबको मिलकर जिला को उदाहरण के तौर पर प्रस्तुत करना है।

Comments